गोड्डा

राष्ट्रीय खेल दिवस पर नेटबाल संघ ने कराया रोमांचक मुकाबला

नेशनल प्रेस टाइम्स, ब्यूरो 
गोड्डा:  राष्ट्रीय खेल दिवस के अवसर पर जिला नेटबाल संघ की ओर से शनिवार को खेल मैदान में विशेष कार्यक्रम का आयोजन किया गया। इस दौरान खिलाड़ियों के बीच नेटबाल मैच कराया गया, वहीं खेल के प्रति अभिभावकों में उत्साह बढ़ाने के उद्देश्य से खिलाड़ियों के अभिभावकों के बीच भी मैत्री मैच का आयोजन किया गया। दोनों मुकाबलों में खिलाड़ियों और अभिभावकों ने उत्साहपूर्वक हिस्सा लिया। मैच के दौरान खिलाड़ियों ने शानदार खेल का प्रदर्शन करते हुए अपनी प्रतिभा और खेल कौशल का परिचय दिया। वहीं अभिभावकों का मैत्री मुकाबला भी आकर्षण का केंद्र रहा। सामान्य तौर पर बच्चों को मैदान में खेलते देखने वाले अभिभावक जब खुद मैदान में उतरे तो माहौल काफी उत्साहपूर्ण हो गया। खिलाड़ियों ने अपने अभिभावकों का उत्साह बढ़ाया और मैच का आनंद लिया। जिला खेल पदाधिकारी डॉ प्राण महतो नें कहा कि आयोजित कार्यक्रम का उद्देश्य राष्ट्रीय खेल दिवस के अवसर पर लोगों को खेल के प्रति जागरूक करना और नियमित रूप से खेल गतिविधियों से जुड़ने के लिए प्रेरित करना था। आयोजन के माध्यम से यह संदेश दिया गया कि खेल केवल प्रतियोगिता तक सीमित नहीं है, बल्कि स्वस्थ जीवनशैली और शारीरिक-मानसिक विकास का भी महत्वपूर्ण माध्यम है। गोड्डा की नेटबाल कोच सह राष्ट्रीय खिलाड़ी मोनालिसा ने बताया कि इस वर्ष राष्ट्रीय खेल दिवस की थीम ‘एक घंटा खेल के मैदान पर’ के तहत कार्यक्रम आयोजित किया गया। उन्होंने कहा कि बच्चों के साथ अभिभावकों की भागीदारी से खेल के प्रति सकारात्मक वातावरण तैयार होता है। अभिभावक स्वयं मैदान पर उतरेंगे तो बच्चों में भी खेल के प्रति रुचि और उत्साह बढ़ेगा। उन्होंने लोगों से अपील की कि प्रतिदिन कम से कम एक घंटा खेल या शारीरिक गतिविधि के लिए जरूर निकालें। आयोजन के दौरान काफी संख्या में खिलाड़ी व अभिभावक मौजूद रहे।
Show More

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button