गोड्डा
लोक अदालत आज, पांच न्यायिक बेंच गठित

नेशनल प्रेस टाइम्स, ब्यूरो।
गोड्डा। जिला विधिक सेवा प्राधिकरण के तत्वावधान में शनिवार को व्यवहार न्यायालय परिसर में लोक अदालत का आयोजन किया जाएगा। जिला विधिक सेवा प्राधिकरण के सचिव दीपक कुमार ने बताया कि मामले के त्वरित निष्पादन को लेकर पांच न्यायिक बेंच का गठन किया गया है। इसमें प्रथम न्यायिक बेंच पर पारिवारिक वाद, मेट्रीमोनियल वाद एवं सीआरपीसी की धारा 125 से संबंधित मामले की सुनवाई होगी। इस बेंच पर परिवार न्यायालय के प्रधान जज अनिल कुमार पांडेय एवं एलएडीसी चीफ संजय कुमार सहाय सुनवाई करेंगे। दूसरे न्यायिक बेंच पर एमएसीसी वाद, सिविल अपील, क्रिमिनल अपील, भूमि अधिग्रहण, राजस्व के मामले, श्रम वाद एवं अन्य ट्रिव्यूनल के मामले की सुनवाई की जाएगी। इसकी सुनवाई जिला जज पंचम नीरज कुमार विश्वकर्मा एवं डिप्टी एलएडीसी रीतेश कुमार सिंह करेंगे। तीसरे न्यायिक बेंच पर पर बिजली से संबंधित मामले का निष्पादन किया जाएगा। इस बेंच पर जिला जज द्वितीय निरूपम कुमार व डिप्टी एलएडीसी अजीत कुमार सुनवाई करेंगे । चौथे न्यायिक बेंच पर सीजेएम, एसीजेएम, सबजज तृतीय , सबजज पंचम के मामले की सुनवाई होगी। इस न्यायिक बेंच पर मुख्य न्यायिक दंडाधिकारी चंदन कुमार एवं एलएडीसी राहुल कुमार सुनवाई करेंगे। पांचवीं न्यायिक बेंच पर एसडीजेएम, प्रथम श्रेणी न्यायिक दंडाधिकारी मुक्ति भगत, राज कल्याण, सतीश कुमार मुंडा, अमित बंसल, खालिद रसीद अली अहमद के न्यायालय के मामले एवं सभी प्री लिटिगेशन के मामले की सुनवाई होगी। इसकी सुनवाई प्रथम श्रेणी न्यायिक दंडाधिकारी राज कल्याण व एलएडीसी लीली कुमारी करेंगी।



