शामली
घोड़ा घर के बाहर पहुंचने को लेकर दो पक्षों में मारपीट, दो घायल
नेशनल प्रेस टाइम्स, ब्यूरो।
कांधला। थाना क्षेत्र के गांव गंगेरू में घोड़ा घर के बाहर पहुंचने को लेकर दो पड़ोसियों के बीच विवाद हो गया। देखते ही देखते दोनों पक्षों में मारपीट शुरू हो गई। घटना में दोनों पक्षों के लोग घायल हो गए। पुलिस ने घायलों का मेडिकल परीक्षण कराने के बाद मामले की जांच शुरू कर दी है।
गंगेरू निवासी समीर और अकरम पड़ोसी हैं। आरोप है कि अकरम का घोड़ा खुलकर समीर के घर के बाहर पहुंच गया और वहां हुड़दंग करने लगा। समीर ने इसका विरोध किया तो दोनों के बीच कहासुनी हो गई। इसके बाद विवाद मारपीट में बदल गया। सूचना पर पहुंची पुलिस ने दोनों घायलों का मेडिकल परीक्षण कराया। दोनों पक्षों की ओर से पुलिस को तहरीर दी गई है।
वहीं, कस्बे के मोहल्ला रायजादगान निवासी सोमपाल ने अपने भाई और भाभी पर मारपीट कर घायल करने का आरोप लगाते हुए पुलिस से शिकायत की है। थाना प्रभारी निरीक्षक बच्चू सिंह ने बताया कि तहरीर प्राप्त हुई है। दोनों मामलों की जांच कर नियमानुसार कार्रवाई की जाएगी।