शामली
दहेज में कार की मांग पूरी न होने पर महिला के उत्पीड़न का आरोप
नेशनल प्रेस टाइम्स, ब्यूरो।
कांधला। थाना क्षेत्र के एक गांव निवासी महिला ने अपने पति और जेठ पर दहेज में कार की मांग पूरी न होने पर उत्पीड़न करने का आरोप लगाया है। महिला का आरोप है कि आरोपी उसे अश्लील वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल करने की धमकी भी दे रहे हैं। पीड़िता ने थाने में तहरीर देकर कार्रवाई की मांग की है।
शनिवार को महिला ने पुलिस को बताया कि उसकी शादी करीब 17 वर्ष पूर्व हुई थी और वह चार बच्चों की मां है। आरोप है कि उसका पति और जेठ लगातार दहेज में कार की मांग कर रहे हैं। मांग पूरी नहीं होने पर उसके साथ शारीरिक और मानसिक रूप से उत्पीड़न किया जा रहा है।
महिला ने आरोप लगाया कि दोनों आरोपी उसे अश्लील वीडियो वायरल करने की धमकी देने के साथ ही उसके भाई को गोली मारने की धमकी भी दे रहे हैं। इससे वह और उसका परिवार भयभीत है। पीड़िता ने पुलिस से मामले की जांच कर आरोपियों के खिलाफ कार्रवाई की मांग की है।
थाना प्रभारी बच्चू सिंह ने बताया कि महिला की तहरीर प्राप्त हुई है। मामले की जांच की जा रही है। जांच में सामने आए तथ्यों के आधार पर नियमानुसार कार्रवाई की जाएगी।