शामली
एक साल से वेतन नहीं मिलने का आरोप, तीसरे दिन ज्ञापन देकर धरना समाप्त
केरटू बिजलीघर पर संविदा कर्मचारियों ने किया प्रदर्शन, भुगतान न होने पर दोबारा आंदोलन की चेतावनी
नेशनल प्रेस टाइम्स, ब्यूरो।
चौसाना। केरटू स्थित 33 केवी विद्युत उपकेंद्र पर संविदा कर्मचारियों का वेतन भुगतान की मांग को लेकर चल रहा धरना शनिवार को तीसरे दिन समाप्त हो गया। कर्मचारियों ने करीब एक साल से वेतन लंबित होने का आरोप लगाते हुए बिजलीघर परिसर में प्रदर्शन किया। बाद में धरना स्थल पर पहुंची तहसीलदार ऊन ललिता शर्मा को ज्ञापन सौंपकर कर्मचारियों ने आंदोलन समाप्त कर दिया। तहसीलदार ने जल्द समस्या का समाधान कराने का आश्वासन दिया और सोमवार को सभी संविदा कर्मचारियों को तहसील में बुलाया है।
संविदा कर्मचारी अमित कुमार और सनोद कुमार ने बताया कि वे लंबे समय से केरटू बिजलीघर पर ड्यूटी कर रहे हैं। उनका आरोप है कि उन्हें लंबे समय से वेतन का भुगतान नहीं किया गया है। इससे उनके परिवार के सामने आर्थिक संकट खड़ा हो गया है। कर्मचारियों का कहना है कि वेतन भुगतान की मांग को लेकर संबंधित अधिकारियों और एमएस मैहर एंटरप्राइजेज को कई बार व्हाट्सऐप के माध्यम से शिकायत की गई, लेकिन समस्या का समाधान नहीं हुआ।
विद्युत संविदा कर्मचारी संघ के अध्यक्ष रविंद्र कुमार ने कहा कि संविदा कर्मचारी अपनी जिम्मेदारी पूरी ईमानदारी से निभा रहे हैं, लेकिन समय से वेतन नहीं मिलने के कारण उन्हें आर्थिक परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है। उन्होंने कहा कि कर्मचारियों की समस्या का जल्द समाधान होना चाहिए। यदि समस्या का समाधान नहीं हुआ तो जिलेभर के संविदा कर्मचारी एकजुट होकर कार्य बहिष्कार करने के लिए मजबूर होंगे।
तहसीलदार को सौंपा ज्ञापन
शनिवार को धरना स्थल पर पहुंची तहसीलदार ललिता शर्मा को संघ के अध्यक्ष रविंद्र कुमार ने कर्मचारियों की समस्याओं से संबंधित ज्ञापन सौंपा। तहसीलदार ने कर्मचारियों को जल्द समाधान का आश्वासन दिया। साथ ही सोमवार को सभी संविदा कर्मचारियों को तहसील में बुलाया गया है। आश्वासन मिलने के बाद कर्मचारियों ने तीसरे दिन धरना समाप्त कर दिया। कर्मचारियों ने कहा कि यदि तय समय में समस्या का समाधान नहीं हुआ तो दोबारा आंदोलन किया जाएगा।
एसडीओ बोले- कुछ महीनों का भुगतान रुका है
इस संबंध में एसडीओ जितेंद्र सिंह झिंझाना ने बताया कि नेट टेक्नोलॉजी लागू होने के बाद एफएसएल के माध्यम से दर्ज उपस्थिति के आधार पर भुगतान किया जा रहा है। उन्होंने बताया कि वर्ष 2025 के अक्तूबर, नवंबर और दिसंबर का भुगतान रुका हुआ है, जबकि जनवरी और फरवरी 2026 का भुगतान आ चुका है। अप्रैल से जून तक का भुगतान भी बाकी बताया गया है।
एसडीओ के अनुसार जिन कर्मचारियों की ऑफिशियल अटेंडेंस दर्ज नहीं हो सकी है, उनका भुगतान भी रुका हुआ है। इस संबंध में पत्र बनाकर उच्चाधिकारियों को भेज दिया गया है। जल्द ही कंपनी को भुगतान कराया जाएगा, जिसके बाद कंपनी कर्मचारियों के खातों में धनराशि भेज देगी।
धरने में जिला उपाध्यक्ष बिजेंद्र, जिला संगठन मंत्री शाहनवाज राणा, जिला मंत्री रामू चौहान, लाइनमैन बाबू, राजीव, बुधप्रकाश, सागर, बिट्टू, प्रमोद, बिजेंद्र समेत अन्य संविदा कर्मचारी मौजूद रहे।