सोनीपत

राष्ट्रीय खेल दिवस पर खेल विकास समिति ने कराया क्रिकेट मैच

दीपक चौहान अटेरना बोले— युवाओं को नशे से बचाना है तो खेल मैदान तक लाना होगा

नेशनल प्रेस टाइम्स, ब्यूरो।

सोनीपत। राष्ट्रीय खेल दिवस के अवसर पर खेल विकास समिति द्वारा गोल्डन हरियर स्कूल के मैदान में क्रिकेट मैच का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में आसपास के गांवों से बड़ी संख्या में युवा खिलाड़ियों ने हिस्सा लिया। मैच के माध्यम से युवाओं को खेलों के प्रति जागरूक करने के साथ-साथ उन्हें नशे से दूर रहने का संदेश दिया गया।
खेल विकास समिति के प्रधान दीपक चौहान अटेरना ने कहा कि आज के समय में युवाओं को नशे जैसी बुराइयों से बचाने के लिए उन्हें खेलों से जोड़ना बेहद जरूरी है। उन्होंने कहा, “अगर युवाओं को नशे से बचाना है तो उन्हें खेल मैदान तक लेकर जाना होगा। एक खिलाड़ी का जीवन अनुशासन, मेहनत और लक्ष्य के प्रति समर्पण से जुड़ा होता है। खेल युवाओं को स्वस्थ शरीर के साथ सकारात्मक सोच और बेहतर भविष्य की दिशा देते हैं।”
उन्होंने कहा कि खेल केवल प्रतियोगिता का माध्यम नहीं हैं, बल्कि युवाओं के व्यक्तित्व निर्माण और उन्हें गलत रास्तों से दूर रखने का प्रभावी माध्यम भी हैं। खेल विकास समिति का प्रयास है कि गांव-गांव से प्रतिभावान युवाओं को खेलों से जोड़ा जाए और उन्हें आगे बढ़ने के अवसर उपलब्ध करवाए जाएं।
क्रिकेट मुकाबले में अटेरना, जखोली, जगदीशपुर, झुंडपुर, पोसरा, औरंगाबाद, खेवड़ा और नांगल गांवों के खिलाड़ियों ने भाग लिया। इस दौरान वैभव, अंशु, लक्ष्य, अयांश, विक्रांत, हर्षित, देव, केशव, आयन और वंश सहित खिलाड़ियों ने शानदार प्रदर्शन किया।
मुकाबले में पहले बल्लेबाजी करते हुए खेल विकास समिति की टीम ने निर्धारित 30 ओवर में 175 रन बनाए। लक्ष्य का पीछा करने उतरी सुपर स्ट्राइकर की टीम 160 रन पर ऑलआउट हो गई। खेल विकास समिति की टीम ने शानदार प्रदर्शन करते हुए मुकाबला अपने नाम किया।
कार्यक्रम के अंत में युवा खिलाड़ियों को कैप पहनाकर सम्मानित किया गया तथा उन्हें खेलों में निरंतर मेहनत करने और अपने क्षेत्र एवं परिवार का नाम रोशन करने के लिए प्रेरित किया गया।
दीपक चौहान अटेरना ने बताया कि खेल विकास समिति द्वारा आर्थिक रूप से कमजोर परिवारों के खिलाड़ियों एवं बालिकाओं को निःशुल्क खेल प्रशिक्षण भी दिया जा रहा है। समिति का उद्देश्य है कि आर्थिक स्थिति किसी भी प्रतिभावान खिलाड़ी की राह में बाधा न बने।
उन्होंने युवाओं से आह्वान किया कि वे नशे से दूर रहें, नियमित रूप से खेलों में हिस्सा लें और अपने स्वास्थ्य तथा भविष्य को मजबूत बनाएं। उन्होंने कहा कि स्वस्थ युवा ही मजबूत समाज और मजबूत राष्ट्र की नींव हैं।

Show More

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button