गोड्डा

स्वास्थ्य मंत्री डॉ. इरफान अंसारी के अथक प्रयासों से गोड्डा होम्योपैथिक मेडिकल कॉलेज को बड़ी राहत

 63 सीटों पर BHMS पाठ्यक्रम जारी रखने का रास्ता साफ

 राष्ट्रीय होम्योपैथी आयोग के समक्ष मजबूती से रखा विद्यार्थियों के भविष्य का मामला
नेशनल प्रेस टाइम्स, ब्यूरो 
गोड्डा। गोड्डा के पथरगामा स्थित राजकीय होम्योपैथिक मेडिकल कॉलेज एवं अस्पताल के छात्र-छात्राओं के लिए बड़ी राहत की खबर सामने आई है। मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन के मार्गदर्शन एवं स्वास्थ्य मंत्री डॉ. इरफान अंसारी के लगातार प्रयासों के बाद राष्ट्रीय होम्योपैथी आयोग  ने कॉलेज से संबंधित मामले में अपील पर विचार करते हुए शैक्षणिक सत्र 2026-27 के लिए 63 सीटों पर BHMS पाठ्यक्रम जारी रखने के मामले में महत्वपूर्ण निर्णय लिया है। राष्ट्रीय होम्योपैथी आयोग द्वारा 28 अगस्त 2026 को जारी आदेश में कॉलेज के BHMS पाठ्यक्रम के 63 सीटों वाले intake का उल्लेख किया गया है। आयोग के मेडिकल असेसमेंट एंड रेटिंग बोर्ड (MARBH) द्वारा कॉलेज में उपलब्ध शिक्षण स्टाफ, आधारभूत संरचना एवं अन्य निर्धारित मानकों का परीक्षण किया गया था। निरीक्षण के दौरान सामने आई कमियों को दूर करने के लिए राज्य सरकार की ओर से उठाए जा रहे कदमों की जानकारी भी आयोग के समक्ष प्रस्तुत की गई। गोड्डा होम्योपैथिक मेडिकल कॉलेज के विद्यार्थियों की पढ़ाई प्रभावित न हो और उनका भविष्य सुरक्षित रहे, इसके लिए स्वास्थ्य मंत्री डॉ. इरफान अंसारी ने पूरे मामले को गंभीरता से लिया। उन्होंने कई बार दिल्ली जाकर राष्ट्रीय होम्योपैथी आयोग के अधिकारियों से मुलाकात की और कॉलेज से संबंधित मामले को मजबूती के साथ उठाया। स्वास्थ्य मंत्री ने स्पष्ट किया कि झारखंड के विद्यार्थियों की पढ़ाई किसी भी परिस्थिति में बाधित नहीं होने दी जाएगी। सरकार कॉलेज में मौजूद कमियों को दूर करने और संस्थान को निर्धारित राष्ट्रीय मानकों के अनुरूप विकसित करने के लिए प्रतिबद्ध है। राज्य सरकार की ओर से आयोग को कॉलेज की कमियों को दूर करने तथा शैक्षणिक एवं आधारभूत सुविधाओं को मजबूत करने का आश्वासन दिया गया है। इसी दिशा में शिक्षकों की नियुक्ति की प्रक्रिया भी शुरू की गई है तथा विभिन्न विषयों में शिक्षकों के योगदान से संबंधित जानकारी आयोग के समक्ष प्रस्तुत की गई है।आयोग के समक्ष प्रस्तुत जानकारी के अनुसार, कॉलेज में शिक्षण स्टाफ से संबंधित कमियों को दूर करने के लिए 53 पदों पर नियुक्ति की प्रक्रिया शुरू की गई है। इससे स्पष्ट है कि राज्य सरकार कॉलेज में आवश्यक मानव संसाधन उपलब्ध कराने के साथ-साथ शैक्षणिक व्यवस्था को मजबूत करने की दिशा में ठोस कदम उठा रही है।स्वास्थ्य मंत्री डॉ. इरफान अंसारी ने कहा कि मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन के मार्गदर्शन में शिक्षा और स्वास्थ्य व्यवस्था को मजबूत करना हमारी सरकार की प्राथमिकता है। गोड्डा होम्योपैथिक मेडिकल कॉलेज हमारे बच्चों के भविष्य से जुड़ा महत्वपूर्ण संस्थान है। मैंने दिल्ली जाकर कई बार राष्ट्रीय होम्योपैथी आयोग के अधिकारियों से मुलाकात की और विद्यार्थियों के हित में पूरे मामले को मजबूती से रखा। हमारा स्पष्ट प्रयास है कि किसी भी परिस्थिति में बच्चों की पढ़ाई बाधित न हो।
Show More

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button