जामताड़ा

राजकीय बुनियादी विद्यालय की जमीन बचाने को ग्रामीणों ने चलाया ‘विद्यालय बचाओ अभियान’

नेशनल प्रेस टाइम्स, ब्यूरो।
जामताड़ा : करमाटांड़ प्रखंड क्षेत्र के राजकीय बुनियादी विद्यालय करमाटांड़ की पुरानी जमीन एवं भवन को बचाने को लेकर रविवार को विद्यालय परिसर में बैठक आयोजित की गई। बैठक की अध्यक्षता शिवनारायण मंडल ने की। इसमें विद्यालय के प्रधानाध्यापक प्रभु मंडल, विद्यालय प्रबंधन समिति के पदाधिकारी, पंचायत प्रतिनिधि एवं दर्जनों ग्रामीण व गणमान्य लोग उपस्थित रहे।
बैठक में सर्वसम्मति से निर्णय लिया गया कि विद्यालय की पुरानी जमीन पर कुछ असामाजिक तत्वों द्वारा कथित रूप से कब्जा करने का प्रयास किया जा रहा है। ग्रामीणों का आरोप है कि धीरे-धीरे जमीन पर किसी न किसी तरह का निर्माण अथवा अन्य गतिविधियां की जा रही हैं। विद्यालय के प्रधानाध्यापक द्वारा रोकने पर संबंधित लोगों की ओर से जमीन को अपना बताते हुए दावा किया जाता है, लेकिन ग्रामीणों के अनुसार मांग किए जाने के बावजूद इस संबंध में कोई ठोस दस्तावेज प्रस्तुत नहीं किया गया है। ग्रामीणों ने बताया कि उक्त जमीन राजकीय बुनियादी विद्यालय के नाम दान में दी गई थी और करीब डेढ़ सौ वर्ष से वहां विद्यालय संचालित होता रहा है। बाद में भूमि की कमी के कारण पुरानी विद्यालय की जमीन से लगभग 500 गज की दूरी पर दान में मिली जमीन पर नया विद्यालय भवन संचालित किया गया। वर्तमान में पुराना विद्यालय भवन जर्जर स्थिति में है, जिसके कारण वहां बच्चों की पढ़ाई एवं कार्यालय संचालन संभव नहीं है।
बैठक में सीताकाटा, जमाबंदी संख्या 32/26, दाग संख्या 657, रकबा 7 डिसमिल जमीन को बचाने के लिए विद्यालय बचाओ अभियान चलाने का निर्णय लिया गया। उपस्थित लोगों ने एक स्वर में कहा कि विद्यालय की पुरानी जमीन और भवन को हर हाल में सुरक्षित रखा जाएगा। मौके पर प्रधानाध्यापक प्रभु मंडल, अजय यादव, धनंजय मंडल, नारायण मंडल, शंकर मंडल, अजीत मंडल, विकास कुमार मंडल, शिवनारायण मंडल, जयदेव मंडल, किशोर मंडल, सुबोध कुमार सेन, रानू मंडल, प्रताप गुप्ता, अनिल मंडल, पंचायत की मुखिया समेत दर्जनों लोग उपस्थित थे। बैठक में आगामी बैठक 13 सितंबर को न्यू राजकीय बुनियादी विद्यालय परिसर में आयोजित करने का निर्णय लिया गया।
Show More

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button