
नेशनल प्रेस टाइम्स, ब्यूरो
महागामा। महगामा प्रखंड क्षेत्र के कोयला पंचायत भवन में रविवार को झामुमो कार्यकर्ताओं की बैठक जिला उपाध्यक्ष श्रवण मंडल की अध्यक्षता में आयोजित की गई। बैठक में खान एवं खनिज (विकास एवं विनियमन) संशोधन विधेयक के विरोध में आगामी आंदोलन की रणनीति पर विस्तार से चर्चा की गई। कार्यकर्ताओं ने विधेयक को काला कानून बताते हुए इसके खिलाफ जोरदार प्रदर्शन करने का निर्णय लिया। बैठक में बताया गया कि कांग्रेस की ओर से आगामी 7 सितंबर 2026 को महागामा प्रखंड परिसर में विशाल प्रदर्शन किया जाएगा। इसके लिए पंचायत एवं प्रखंड स्तर पर कार्यकर्ताओं को जिम्मेदारी सौंपते हुए अधिक से अधिक लोगों की भागीदारी सुनिश्चित करने का आह्वान किया गया। झामुमो जिला उपाध्यक्ष श्रवण मंडल ने कहा कि केंद्र सरकार द्वारा लाए गए खान एवं खनिज से संबंधित संशोधन विधेयक से स्थानीय लोगों, मजदूरों, किसानों और खनिज क्षेत्र से जुड़े लोगों के हित प्रभावित हो सकते हैं। झामुमो के प्रखंड अध्यक्ष मो. एहतेशाम ने कहा कि जनहित के मुद्दों को लेकर पार्टी लगातार आवाज उठाती रहेगी। बैठक में मनोरंजन पासवान, पंचायत अध्यक्ष अख्तर, मो. आलमगीर, मो. शकुल, नजाम एवं कुर्बान मियां, कलीम, मंसूर सहित अन्य कार्यकर्ता मौजूद थे। नेताओं ने कहा कि आगामी प्रदर्शन को सफल बनाने के लिए गांव-गांव जनसंपर्क अभियान चलाया जाएगा और लोगों को विधेयक के प्रावधानों की जानकारी दी जाएगी। बैठक के दौरान सभी कार्यकर्ताओं ने एकजुट होकर आंदोलन को सफल बनाने का संकल्प लिया। झामुमो नेताओं ने कहा कि 7 सितंबर का प्रदर्शन महागामा में पार्टी के आंदोलन को नई दिशा देगा।



