सिंगरौली

NH-39 से रेल कनेक्टिविटी तक, सिंगरौली के साथ कब तक सौतेला व्यवहार?

कांग्रेस शहर जिलाध्यक्ष प्रवीण सिंह चौहान ने भाजपा सरकार पर साधा निशाना, बोले- जनता को तारीख नहीं, जमीन पर विकास चाहिए

नेशनल प्रेस टाइम्स, ब्यूरो।

सिंगरौली। जिले की बदहाल सड़क, रेल और हवाई कनेक्टिविटी को लेकर कांग्रेस कमेटी के शहर जिलाध्यक्ष प्रवीण सिंह चौहान ने भाजपा सरकार और जनप्रतिनिधियों पर निशाना साधा है। उन्होंने कहा कि देश की ऊर्जा जरूरतों में महत्वपूर्ण योगदान देने वाला सिंगरौली आज भी बुनियादी कनेक्टिविटी के लिए संघर्ष कर रहा है।
चौहान ने कहा कि सीधी-सिंगरौली NH-39 का निर्माण करीब 15 वर्ष बाद भी पूरा नहीं हो पाया है। उन्होंने बताया कि वर्ष 2022 में उन्होंने सड़क की बदहाली के खिलाफ माजन मोड़ से सीधी तक पदयात्रा की थी। इसके बावजूद समस्या बनी हुई है।
उन्होंने कहा कि 27 मार्च 2025 को लोकसभा में सरकार ने NH-39 के शेष कार्य को दिसंबर 2025 तक पूरा करने का लक्ष्य बताया था। बाद में ठेकेदार का अनुबंध समाप्त होने के बाद लक्ष्य मार्च 2027 किया गया। अब 23 जुलाई 2026 के लोकसभा रिकॉर्ड में पूर्णता की नई तारीख 8 मई 2028 बताई गई है। चौहान ने सवाल किया कि हर बार समय-सीमा क्यों बढ़ रही है और जवाबदेही किसकी है?
रेल कनेक्टिविटी पर उन्होंने कहा कि ऊर्जाधानी एक्सप्रेस से सप्ताह में तीन दिन भोपाल की सुविधा मिलती है, लेकिन अन्य दिनों में यात्रियों को समस्याओं का सामना करना पड़ता है। हवाई सेवा के लिए भी लोगों को बनारस या रीवा पर निर्भर रहना पड़ता है।
चौहान ने कहा कि सिंगरौली आर्थिक योगदान देने के बावजूद बेहतर कनेक्टिविटी से वंचित है। उन्होंने कहा कि जनता को “तारीख पर तारीख नहीं, जमीन पर विकास चाहिए।”

Show More

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button