खैरथल
मतदान दलों के पीठासीन अधिकारियों को दिया प्रशिक्षण
निष्पक्ष एवं पारदर्शी मतदान कराने के दिए निर्देश

नेशनल प्रेस टाइम्स, ब्यूरो।
खैरथल-तिजारा। नगर निकाय आम चुनाव 2026 के तहत मतदान प्रक्रिया को सुचारू एवं निष्पक्ष रूप से संपन्न कराने के लिए मतदान दलों के पीठासीन अधिकारियों (PRO) का प्रशिक्षण मंगलवार को राजकीय कृषि महाविद्यालय, बास कृपाल नगर, किशनगढ़ बास में आयोजित किया गया। प्रशिक्षण में मतदान दलों के अधिकारियों को ईवीएम के संचालन सहित मतदान प्रक्रिया से संबंधित विभिन्न महत्वपूर्ण पहलुओं की विस्तार से जानकारी दी गई।
प्रशिक्षण के दौरान अधिकारियों को मतदान दिवस पर की जाने वाली तैयारियों, ईवीएम के संचालन एवं सीलिंग प्रक्रिया, मतदान की प्रक्रिया, मतदाताओं की पहचान, मतदान केंद्र पर आवश्यक व्यवस्थाओं तथा मतदान समाप्ति के बाद की जाने वाली प्रक्रिया के संबंध में जानकारी दी गई। साथ ही अधिकारियों की शंकाओं का समाधान करते हुए निर्वाचन प्रक्रिया के दौरान निर्धारित नियमों एवं निर्देशों की पूर्ण पालना सुनिश्चित करने के लिए कहा गया।
जिला निर्वाचन अधिकारी अतुल प्रकाश ने प्रशिक्षण शिविर का निरीक्षण कर प्रशिक्षण प्राप्त कर रहे पीठासीन अधिकारियों से निर्वाचन प्रक्रिया के संबंध में जानकारी ली। उन्होंने कहा कि मतदान दल निर्वाचन प्रक्रिया की प्रत्येक बारीकी को अच्छी तरह समझें तथा मतदान दिवस पर राज्य निर्वाचन आयोग द्वारा निर्धारित दिशा-निर्देशों के अनुसार कार्य करें। उन्होंने कहा कि निष्पक्ष, स्वतंत्र एवं पारदर्शी चुनाव संपन्न कराने में मतदान दलों की महत्वपूर्ण भूमिका है, इसलिए सभी अधिकारी अपने दायित्वों का पूरी गंभीरता एवं जिम्मेदारी के साथ निर्वहन करें।
उन्होंने अधिकारियों को निर्देश दिए कि मतदान प्रक्रिया के दौरान किसी भी प्रकार की लापरवाही न बरती जाए तथा ईवीएम एवं अन्य निर्वाचन सामग्री के रख-रखाव और संचालन में निर्धारित प्रोटोकॉल की पालना सुनिश्चित की जाए। उन्होंने प्रशिक्षण में दी गई जानकारी को व्यवहारिक रूप से समझने तथा मतदान दिवस पर उसी के अनुरूप कार्य करने के निर्देश दिए।
इस दौरान उप जिला निर्वाचन अधिकारी शिवपाल जाट, अतिरिक्त मुख्य कार्यकारी अधिकारी मनीष कुमार जाटव सहित संबंधित अधिकारी एवं मतदान दलों के पीठासीन अधिकारी मौजूद रहे।



