
नेशनल प्रेस टाइम्स, ब्यूरो।
बोकारो। सुभद्रा चैरिटेबल ट्रस्ट एवं झारखंड शिक्षा परियोजना परिषद (JEPC) के तत्वावधान में बोकारो जिले के नावाडीह प्रखंड स्थित पी एम श्री उच्च विद्यालय, बिरनी में बुधवार को कक्षा 6, 7 एवं 8 के विद्यार्थियों के लिए गणित एवं विज्ञान सर्कल का आयोजन किया गया।
इस कार्यक्रम का आयोजन जिला समन्वयक बोकारो शमीना खातून के नेतृत्व में किया गया। गतिविधियों का संचालन रिसोर्स पर्सन विजय कुमार रॉय (विज्ञान) एवं निशा शर्मा (गणित) ने किया। विद्यालय के प्रधानाचार्य प्रकाश चंद्र प्रामाणिक ने बच्चों को गतिविधियों में उत्साहपूर्वक भाग लेने के लिए प्रेरित किया और दैनिक जीवन में गणित एवं विज्ञान के महत्व पर प्रकाश डाला।
कार्यक्रम का मुख्य उद्देश्य बच्चों को केवल किताबों एवं पाठ्यक्रम तक सीमित न रखते हुए खेल, प्रयोग, सवाल-जवाब और समूह गतिविधियों के माध्यम से सीखने का अवसर प्रदान करना था।
गतिविधि की शुरुआत बच्चों से रोजमर्रा के जीवन से जुड़े सवाल पूछकर की गई। बच्चों से पूछा गया कि आसपास गणित का उपयोग कहां-कहां होता है, वस्तुएं पानी में क्यों तैरती या डूबती हैं और छाया कैसे बनती है। ऐसे सवालों के माध्यम से बच्चों को सोचने, तर्क करने और अपने अनुभव साझा करने के लिए प्रोत्साहित किया गया।
वहीं गणित सर्कल में संख्या एवं पैटर्न आधारित खेल, गणितीय पहेलियां, मानसिक गणना तथा तार्किक सवाल कराए गए। इन गतिविधियों के माध्यम से बच्चों की तार्किक सोच, बौद्धिक क्षमता और गणितीय समझ को विकसित करने का प्रयास किया गया।कार्यक्रम के दौरान विद्यार्थियों ने उत्साहपूर्वक भाग लिया और गतिविधियों के माध्यम से विज्ञान एवं गणित को सरल और रोचक तरीके से समझा।



