शामली
अंकित बालियान हत्याकांड: सत्यम-आर्यन पर शिकंजा, LOC जारी
देश छोड़ने की कोशिश की तो एयरपोर्ट पर ही दबोचे जाएंगे शूटर, एडीजी ने एयरपोर्ट अथॉरिटी को भेजा अलर्ट
नेशनल प्रेस टाइम्स, ब्यूरो।
शामली। हरियाणवी सिंगर अंकित बालियान हत्याकांड में फरार चल रहे शूटर सत्यम और आर्यन की मुश्किलें बढ़ गई हैं। पुलिस ने दोनों के खिलाफ लुक आउट सर्कुलर (LOC) जारी कर दिया है। एडीजी भानु भास्कर की ओर से एयरपोर्ट अथॉरिटी को सर्कुलर भेजकर दोनों आरोपितों की निगरानी और विदेश भागने की कोशिश करने पर कार्रवाई के निर्देश दिए गए हैं। LOC जारी होने के बाद अब दोनों के देश से बाहर निकलने के रास्ते पर भी पुलिस की नजर है।गृह मंत्रालय को दी गई जानकारी, इसके बाद एयरपोर्ट अथॉरिटी को भेजा सर्कुलर।
हत्याकांड की जांच में फरार चल रहे दोनों शूटरों को लेकर पुलिस ने गृह मंत्रालय को भी जानकारी दी है। इसके बाद एडीजी स्तर से एयरपोर्ट अथॉरिटी को LOC संबंधी कार्रवाई के लिए सर्कुलर भेजा गया। पुलिस को आशंका है कि गिरफ्तारी से बचने के लिए दोनों आरोपित देश से बाहर निकलने का प्रयास कर सकते हैं। इसी आशंका को देखते हुए अंतरराष्ट्रीय आवागमन वाले प्रमुख केंद्रों पर दोनों के संबंध में अलर्ट किया गया है। LOC जारी होने के बाद सत्यम और आर्यन की विदेश जाने की कोशिश पर सुरक्षा एजेंसियों की नजर रहेगी। दोनों के एयरपोर्ट पहुंचने या देश से बाहर जाने का प्रयास करने की स्थिति में संबंधित एजेंसियों को पुलिस को सूचना देने और नियमानुसार कार्रवाई के निर्देश दिए गए हैं। इससे फरार दोनों शूटरों के लिए विदेश भागकर गिरफ्तारी से बचने की राह मुश्किल हो गई है। अंकित बालियान हत्याकांड की जांच केवल शूटरों की गिरफ्तारी तक सीमित नहीं है। पुलिस हत्या की साजिश में शामिल लोगों और वारदात से पहले या बाद में आरोपितों को मदद पहुंचाने वालों की भूमिका भी खंगाल रही है। पुलिस यह पता लगाने में जुटी है कि शूटरों को वारदात से पहले किस तरह की मदद मिली और घटना के बाद फरारी के दौरान उन्हें किन लोगों ने पनाह या अन्य सहायता उपलब्ध कराई।
लुक आउट सर्कुलर जारी होने के साथ ही पुलिस ने दोनों फरार आरोपितों की तलाश और तेज कर दी है। उनके संभावित ठिकानों, संपर्कों और आवाजाही से जुड़े पहलुओं की जांच की जा रही है। पुलिस का प्रयास है कि दोनों को गिरफ्तार कर हत्याकांड की कड़ियों को जोड़ने के साथ साजिश में शामिल अन्य लोगों तक भी पहुंचा जा सके। इसके बाद साफ हो गए है कि पुलिस ने अब सत्यम और आर्यन के खिलाफ कार्रवाई का दायरा देश की सीमाओं तक बढ़ा दिया है।गिरफ्तारी से बचने के लिए विदेश भागने की कोशिश करने पर दोनों के लिए एयरपोर्ट भी सुरक्षित रास्ता नहीं रहेगा।
———
अंकित बालियान के कातिल पुलिस के रडार पर
अंकित बालियान हत्याकांड में हर दिन नए अपडेट सामने आ रहे हैं। अब लुक आउट सर्कुलर जारी होने के बाद दोनों कातिलों पर एक एक लाख रुपए का इनाम घोषित किया गया है।दोनों कातिलों की तलाश में शामली पुलिस की टीमें ताबड़तोड़ दबिश डाल रही है। वहीं एसटीएफ ने भी कातिलों का सुराग लगाने के लिए पूरा जाल बिछा रखा है।