शामली
चौसाना में धूमधाम से मनाई गई जन्माष्टमी, आधी रात जन्मे कन्हैयां
मंदिरों में उमड़ा भक्तों का सैलाब

नेशनल प्रेस टाइम्स, ब्यूरो।
चौसाना : श्रीकृष्ण जन्माष्टमी का पर्व चौसाना और क्षेत्र के गांवों में श्रद्धा एवं उल्लास के साथ मनाया गया। शुक्रवार शाम छह बजे से ही चौसाना के विभिन्न मंदिरों में धार्मिक कार्यक्रम शुरू हो गए। मंदिरों को रंग-बिरंगी रोशनी, फूलों और गुब्बारों से आकर्षक ढंग से सजाया गया। भगवान श्रीकृष्ण के जीवन से जुड़ी मनमोहक झांकियां श्रद्धालुओं के आकर्षण का केंद्र रहीं। रात 12 बजे श्रीकृष्ण जन्म के साथ ही मंदिर परिसर भगवान श्रीकृष्ण के जयकारों से गूंज उठे। बड़ी संख्या में श्रद्धालु परिवार और परिचितों के साथ मंदिरों में दर्शन के लिए पहुंचे।
चौसाना के हनुमान मंदिर को वृंदावन की तर्ज पर सजाया गया था। मंदिर परिसर में फूलों और गुब्बारों से विशेष सजावट की गई। यहां भगवान श्रीकृष्ण से संबंधित झांकियां भी सजाई गईं। शाम छह बजे से मंदिर में श्रद्धालुओं के पहुंचने का सिलसिला शुरू हो गया। कीर्तन मंडली ने देर रात तक कृष्ण भजनों की प्रस्तुति देकर वातावरण को भक्तिमय बनाए रखा। मध्यरात्रि में भगवान श्रीकृष्ण के जन्म के बाद महाआरती की गई और श्रद्धालुओं को प्रसाद वितरित किया गया।जन्माष्टमी को लेकर मंदिरों के बाहर भी विशेष रौनक दिखाई दी। चाट-पकौड़ी और अन्य खाद्य पदार्थों की दुकानें सजी रहीं। बच्चों और परिवारों ने मेले जैसा माहौल देखने को मिला।
इसके अलावा चौसाना के नदी वाले मंदिर में भी मंदिर समिति के नेतृत्व में झांकी निकाली गई। वहीं, हनुमान धाम मंदिर समिति की ओर से शनिवार को शोभायात्रा का आयोजन किया गया, जिसमें बड़ी संख्या में ग्रामीण शामिल हुए।



