शामली
जाहरवीर गोगा महाराज के उपलक्ष्य में आमवाली में विशाल कंदूरी व भंडारा
हजारों श्रद्धालुओं ने लिया हिस्सा

नेशनल प्रेस टाइम्स, ब्यूरो।
चौसाना : क्षेत्र के गांव आमवाली में जाहरवीर गोगा महाराज के उपलक्ष्य में श्रद्धा और उत्साह के साथ विशाल कंदूरी एवं भंडारे का आयोजन किया गया। धार्मिक आयोजन में आसपास के गांवों से बड़ी संख्या में श्रद्धालु पहुंचे। सुबह से ही कार्यक्रम स्थल पर श्रद्धालुओं की भीड़ जुटनी शुरू हो गई। महिला, पुरुष, बुजुर्ग और युवाओं ने बढ़-चढ़कर हिस्सा लेकर प्रसाद ग्रहण किया।
आयोजकों की ओर से करीब तीन हजार श्रद्धालुओं के लिए भंडारे की विशेष व्यवस्था की गई। आयोजन स्थल पर दिनभर भक्ति और श्रद्धा का माहौल बना रहा। आसपास के गांवों से परिवार सहित पहुंचे श्रद्धालुओं ने आयोजन की व्यवस्थाओं की सराहना की।आयोजक ओमपाल कोरी ने बताया कि उनके द्वारा हर वर्ष जाहरवीर गोगा महाराज के उपलक्ष्य में कंदूरी और भंडारे का आयोजन किया जाता है। उन्होंने कहा कि हर साल करीब पांच से छह हजार श्रद्धालुओं के लिए भंडारे की व्यवस्था की जाती है, जिसमें आसपास के गांवों के लोग बढ़-चढ़कर हिस्सा लेते हैं। श्रद्धालुओं के सहयोग और आपसी भाईचारे से आयोजन सफल होता है।
भंडारे में श्रद्धालुओं ने प्रसाद ग्रहण कर जाहरवीर गोगा महाराज से क्षेत्र में सुख-शांति और खुशहाली की कामना की। लोगों ने कहा कि इस तरह के धार्मिक आयोजन आपसी प्रेम, भाईचारे और सद्भाव को मजबूत करते हैं।
आयोजन को सफल बनाने में ओमपाल कोरी, रविंद्र कोरी और पिनू कोरी सहित अन्य लोगों का विशेष योगदान रहा। आयोजकों ने कार्यक्रम में पहुंचे सभी श्रद्धालुओं का आभार व्यक्त किया।


