बागपत
सफलता के लिए अनुशासन, मेहनत और संस्कार जरूरी : के.के. त्यागी
डिवाइन ग्लोबल एकेडमी में शिक्षक दिवस पर सांस्कृतिक कार्यक्रमों ने बांधा समां

नेशनल प्रेस टाइम्स, ब्यूरो।
बड़ौत। डिवाइन ग्लोबल एकेडमी में शिक्षक दिवस हर्षोल्लास और उत्साह के साथ मनाया गया। कार्यक्रम का शुभारंभ मां सरस्वती के समक्ष दीप प्रज्ज्वलित कर किया गया। इस अवसर पर छात्र-छात्राओं ने गीत, नृत्य एवं विभिन्न सांस्कृतिक प्रस्तुतियां देकर कार्यक्रम में चार चांद लगा दिए। विद्यार्थियों ने अपनी प्रस्तुतियों के माध्यम से शिक्षकों के प्रति सम्मान, कृतज्ञता और स्नेह व्यक्त किया।
शिक्षक दिवस के अवसर पर विद्यार्थियों ने अपने शिक्षकों को उपहार भेंट कर शुभकामनाएं दीं। इसके साथ ही केक काटकर शिक्षकों के साथ शिक्षक दिवस की खुशियां साझा कीं। विद्यालय परिसर में पूरे कार्यक्रम के दौरान उत्साह और उमंग का माहौल बना रहा।
प्रधानाचार्य के.के. त्यागी ने विद्यार्थियों को संबोधित करते हुए कहा कि शिक्षक केवल किताबी ज्ञान प्रदान करने तक सीमित नहीं होते, बल्कि वे विद्यार्थियों को जीवन में सही दिशा दिखाने और उनके व्यक्तित्व निर्माण में महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं। उन्होंने कहा कि सफलता प्राप्त करने के लिए अनुशासन, मेहनत और अच्छे संस्कार बेहद जरूरी हैं। विद्यार्थियों को अपने लक्ष्य के प्रति निरंतर प्रयास करते हुए गुरुजनों का सम्मान करना चाहिए और सदैव सही मार्ग पर चलने का प्रयास करना चाहिए।
प्रबंधक दिनेश शर्मा ने कहा कि शिक्षक समाज और राष्ट्र निर्माण की मजबूत नींव तैयार करते हैं। उनके मार्गदर्शन से विद्यार्थी न केवल शिक्षा के क्षेत्र में आगे बढ़ते हैं, बल्कि एक जिम्मेदार और संस्कारवान नागरिक भी बनते हैं। उन्होंने विद्यार्थियों से शिक्षकों का सम्मान करने तथा उनके द्वारा बताए गए अच्छे मार्ग पर चलने का आह्वान किया।
कार्यक्रम के अंत में शिक्षकों ने विद्यार्थियों को आशीर्वाद देते हुए उनके उज्ज्वल भविष्य, सफलता और निरंतर प्रगति की कामना की।
इस अवसर पर अमित जांगिड़, उपेंद्र मान, दीपक लशकरी, हरेंद्र तोमर, रीतू तोमर, राखी शर्मा, तनु तोमर, सिया तोमर, देवांशी शर्मा, प्रीति शर्मा, ऊमा तोमर, बीना पालीवाल, वंदना, निधि आदि मौजूद रहे।



