बाढ़ प्रभावित परिवारों के बीच पहुंचा जिला प्रशासन, खाद्य सामग्री वितरित कर हरसंभव सहयोग का दिया भरोसा

नेशनल प्रेस टाइम्स ब्यूरो।
साहिबगंज जिले में बाढ़ की विषम परिस्थितियों में प्रभावित परिवारों तक प्रशासनिक सहायता एवं राहत सामग्री की त्वरित पहुंच सुनिश्चित करने के उद्देश्य से अनुमंडल पदाधिकारी साहिबगंज अमर जॉन आईन्द एवं अंचलाधिकारी साहिबगंज बासुकीनाथ टुडू ने आज सदर प्रखंड के विभिन्न बाढ़ प्रभावित क्षेत्रों का स्थलीय निरीक्षण किया।इस दौरान पदाधिकारियों ने कारगिल दियारा,गरम टोला सहित अन्य बाढ़ प्रभावित गांवों का दौरा कर प्रभावित परिवारों की स्थिति का जायजा लिया।उन्होंने बाढ़ प्रभावित लोगों के बीच आवश्यक खाद्य सामग्री का वितरण करते हुए उनकी समस्याओं एवं आवश्यकताओं की जानकारी ली।पदाधिकारियों ने प्रभावित ग्रामीणों से संवाद कर उन्हें भरोसा दिलाया कि विपदा की इस घड़ी में जिला प्रशासन उनके साथ पूरी संवेदनशीलता एवं तत्परता के साथ खड़ा है।प्रभावित परिवारों को हरसंभव सहायता उपलब्ध कराने तथा राहत कार्यों को प्राथमिकता के आधार पर संचालित करने का आश्वासन दिया गया।अनुमंडल पदाधिकारी ने संबंधित पदाधिकारियों एवं कर्मियों को बाढ़ प्रभावित क्षेत्रों में राहत एवं बचाव कार्यों की सतत निगरानी, आवश्यक सामग्री की उपलब्धता तथा आमजनों की समस्याओं के त्वरित समाधान हेतु आवश्यक दिशा-निर्देश भी दिए,वही मौके पर प्रखंड सह आंचल कर्मी एवं ग्रामीण मौजूद रहे।



