नेतरहाट मॉडल आवासीय विद्यालय की मांग को लेकर ऊपरघाट में आंदोलन तेज
नौ पंचायतों के सैकड़ों ग्रामीण धरने पर बैठे

नेशनल प्रेस टाइम्स, ब्यूरो।
बोकारो। नावाडीह प्रखंड के ऊपरघाट क्षेत्र की पलामू पंचायत में नेतरहाट की तर्ज पर प्रस्तावित आधुनिक आवासीय विद्यालय के निर्माण की मांग को लेकर शनिवार को आंदोलन तेज हो गया। शिक्षक दिवस के अवसर पर नावाडीह अंचल कार्यालय के समक्ष ऊपरघाट के नौ पंचायतों से पहुंचे सैकड़ों ग्रामीण, महिलाएं, युवा, जनप्रतिनिधि और समाजसेवी धरने पर बैठ गए। आंदोलनकारियों ने एक स्वर में मांग की कि प्रस्तावित विद्यालय का निर्माण पलामू पंचायत में ही कराया जाए। आंदोलन का नेतृत्व ऊपरघाट उप प्रमुख हरि महतो ने किया। धरना एवं भूख हड़ताल में ऊपरघाट जीप सदस्य कुमारी खुशबू महतो, डुमरी विधानसभा की पूर्व प्रत्याशी यशोदा देवी, पूर्व जिला परिषद सदस्य टिकैत कुमार महतो, कंजकिरो मुखिया ललिता देवी, बरई मुखिया विजय कुमार रवि, सीपीआई नेता नूनूचंद महतो, युवा समाजसेवी दीपू अग्रवाल, नावाडीह प्रखंड आजसू अध्यक्ष मिश्रीलाल महतो, समाजसेवी तुलसी महतो, बालेश्वर महतो, सुरेश महतो, पुरण महतो सहित बड़ी संख्या में ग्रामीण शामिल हुए।
शिलान्यास और भूमि पूजन के बाद स्थान बदलने पर उठे सवाल
आंदोलनकारियों ने कहा कि पलामू पंचायत में विद्यालय निर्माण को लेकर ऑनलाइन शिलान्यास एवं भूमि पूजन पहले ही किया जा चुका है। इसके बावजूद विद्यालय को किसी दूसरे स्थान पर बनाए जाने की चर्चा से क्षेत्र के लोगों में नाराजगी है। आंदोलनकारियों ने प्रशासन एवं जनप्रतिनिधियों से सवाल किया कि यदि पलामू में भूमि या एनओसी से संबंधित कोई तकनीकी समस्या है, तो उसका समाधान आपसी समन्वय से क्यों नहीं किया जा रहा है।
ऊपरघाट जीप सदस्य कुमारी खुशबू महतो ने कही कि सांसद और विधायक की मौजूदगी में विद्यालय निर्माण के लिए भूमि पूजन किया गया था। उन्होंने स्पष्ट किया कि आंदोलन किसी व्यक्ति या राजनीतिक दल के विरोध में नहीं, बल्कि पलामू पंचायत में विद्यालय निर्माण सुनिश्चित कराने के लिए है।
करीब 116 करोड़ रुपये की योजना, बच्चों के भविष्य का सवाल
आंदोलन से जुड़े लोगों के अनुसार प्रस्तावित विद्यालय की लागत करीब 1 अरब 16 करोड़ 67 लाख 8 हजार 363 रुपये बताई जा रही है। ग्रामीणों का कहना है कि इतनी बड़ी शैक्षणिक योजना का लाभ ऊपरघाट और आसपास के ग्रामीण क्षेत्र के बच्चों को मिलना चाहिए। क्षेत्रवासियों का तर्क है कि विद्यालय के निर्माण से यहां के विद्यार्थियों को बेहतर एवं गुणवत्तापूर्ण शिक्षा के साथ आवासीय सुविधा भी मिल सकेगी।
पूर्व मंत्री स्व. जगरनाथ महतो के सपने का हवाला
आंदोलनकारियों ने कहा कि आधुनिक विद्यालय का निर्माण क्षेत्र के पूर्व मंत्री स्व. जगरनाथ महतो के सपनों से जुड़ा विषय है। उनका कहना है कि पलामू पंचायत में विद्यालय का निर्माण होने से उनके शैक्षणिक विकास के प्रयासों को आगे बढ़ाने में मदद मिलेगी। आंदोलनकारियों ने कहा कि जनप्रतिनिधियों और प्रशासन से अपनी मांग रखना जनता का लोकतांत्रिक अधिकार है। वे शांतिपूर्ण एवं लोकतांत्रिक तरीके से अपनी मांग को आगे भी उठाते रहेंगे।
नौ पंचायतों के ग्रामीणों की एकजुटता
धरने में ऊपरघाट क्षेत्र की नौ पंचायतों से बड़ी संख्या में ग्रामीण महिलाएं एवं पुरुष पहुंचे। महिलाओं की भागीदारी भी आंदोलन में विशेष रूप से देखने को मिली। ग्रामीणों ने कहा कि यह लड़ाई किसी व्यक्ति विशेष के खिलाफ नहीं, बल्कि क्षेत्र के बच्चों के बेहतर भविष्य और स्थानीय स्तर पर गुणवत्तापूर्ण शिक्षा की व्यवस्था के लिए है। आंदोलनकारियों ने प्रशासन और जनप्रतिनिधियों से मांग की कि पूरे मामले में स्थिति स्पष्ट करते हुए पलामू पंचायत में ही नेतरहाट मॉडल आवासीय विद्यालय के निर्माण की प्रक्रिया आगे बढ़ाई जाए। ग्रामीणों ने चेतावनी दी कि मांग पूरी होने तक लोकतांत्रिक तरीके से आंदोलन जारी रखा जाएगा।




