
नेशनल प्रेस टाइम्स ,ब्यूरो
बरेली। एसआरएमएस मेडिकल कॉलेज में 12-13 सितंबर को दो दिवसीय कोलोप्रोक्टोलॉजी कांफ्रेंस एवं ट्रेनिंग वर्कशॉप FISCPCON 2026 होगी। आयोजन जनरल, लेप्रोस्कोपिक एवं रोबोटिक सर्जरी विभाग और एएसआई बरेली चैप्टर की ओर से किया जा रहा है।
चेयरमैन डॉ. एसके सागर ने बताया कि देश के 40 नामचीन सर्जन पाइल्स, फिशर, फिस्टुला, पाइलोनाइडल साइनस के लेजर और रोबोटिक सर्जरी से उपचार की आधुनिक तकनीकों पर अनुभव साझा करेंगे। 20 मरीजों के निशुल्क ऑपरेशन ओटी में होंगे, जिनका लाइव प्रसारण ऑडिटोरियम और कांफ्रेंस हॉल में होगा। 275 से अधिक डेलीगेट्स, पीजी विद्यार्थियों ने रजिस्ट्रेशन कराया है। 120 को फैलोशिप के लिए नामांकित किया गया है। पीजी विद्यार्थी पोस्टर प्रेजेंटेशन भी देंगे।
कांफ्रेंस में विशिष्ट सेवाओं के लिए वरिष्ठ सर्जन डॉ. आईएस तोमर को लाइफ टाइम अचीवमेंट और आयुर्वेदिक शल्य चिकित्सक डॉ. लालता प्रसाद को सम्मानित किया जाएगा।
कांफ्रेंस में आईएससीपी प्रेसिडेंट डॉ. एलडी लाडुकर इंदौर, सेक्रेटरी डॉ. नीरज गोयल दिल्ली, पूर्व प्रेसिडेंट डॉ. प्रशांत रहाटे नागपुर, ज्वाइंट सेक्रेटरी डॉ. मधुकर पाई कोच्चि, ट्रेजरार डॉ. जितेन चौधरी मुंबई, डॉ. कल्याण कार कोलकाता, डॉ. हरीश गौड़ा बेंगलुरु समेत विशेषज्ञ आएंगे।
सेक्रेटरी डॉ. अमित सिंह ने बताया कि बरेली-रुहेलखंड में पहली बार यह कांफ्रेंस हो रही है। एएसआई बरेली चैप्टर अध्यक्ष डॉ. कौशल कुमार और सेक्रेटरी डॉ. सुजॉय मुखर्जी ने कहा कि एडवांस तकनीक का लाभ मरीजों को मिलेगा।
प्रिंसिपल एयर मार्शल (सेनि) डॉ. एमएस बुटोला ने बताया कि एसआरएमएस 9 वर्ष से टॉप-40 में है। इंडिया टुडे 2026 में 38वीं रैंक, आउटलुक में निजी कॉलेजों में 11वीं, द वीक में नॉर्थ जोन में चौथी और देश में 23वीं रैंक मिली है।


