भरत पुर
ग्रामीण अंचल में शारदीय नवरात्रों की धूम

नेशनल प्रेस टाइम्स, ब्यूरो।
भुसावर – कस्बा भुसावर सहित ग्रामीण अंचल में इन दिनों शारदीय नवरात्रों की धूम देखने को मिल रही है। घरों से लेकर मंदिरों तक माता रानी की आराधना की जा रही है। श्रद्धालु माता के विभिन्न स्वरूपों की पूजा-अर्चना कर परिवार की सुख-समृद्धि, विश्व शांति एवं मानव कल्याण की कामना कर रहे हैं। नवरात्रों के चलते कस्बे के विभिन्न मंदिरों में सुबह-शाम श्रद्धालुओं की भीड़ उमड़ रही है। मंदिरों में भजन-कीर्तन के आयोजन से माहौल भक्तिमय बना हुआ है। कस्बे के शैतानपाड़ा कॉलोनी स्थित देवी माता मंदिर, मुण्ड्यारा रोड स्थित देवी माता मंदिर, गुरुद्वारा स्थित माता मंदिर सहित दर्जनों मंदिरों में श्रद्धालु पहुंचकर माता रानी के दर्शन कर रहे हैं और पूजा-अर्चना में भाग ले रहे हैं।



