आपदा के समय बचाव और सुरक्षा के उपाय बताए

नेशनल प्रेस टाइम्स, ब्यूरो।
कैराना। विजय सिंह पथिक राजकीय स्नातकोत्तर महाविद्यालय में राजनीति विज्ञान विभाग और माय भारत शामली के संयुक्त तत्वावधान में जागरूकता कार्यशाला का आयोजन किया गया। अंतरराष्ट्रीय आपदा जोखिम न्यूनीकरण दिवस और सेवा संकल्प अभियान के तहत आयोजित कार्यशाला में जिला आपदा प्रबंधन विभाग शामली के प्रशिक्षकों ने छात्र-छात्राओं को आपदा के समय सतर्कता बरतने और बचाव के उपायों की जानकारी दी।
कार्यशाला में मास्टर ट्रेनर सौरव राणा ने हृदयाघात की स्थिति में बरती जाने वाली सावधानियों के बारे में बताया। उन्होंने सीपीआर देने की प्रक्रिया समझाते हुए छात्र-छात्राओं से इसका अभ्यास भी कराया। वहीं, आपदा मित्र अंकित शर्मा ने बाढ़ आने से पहले, बाढ़ के दौरान और उसके बाद अपनाए जाने वाले सुरक्षा उपायों के बारे में विस्तार से जानकारी दी। उन्होंने सांप और अन्य विषैले जीव-जंतुओं के काटने की स्थिति में प्राथमिक स्तर पर किए जाने वाले उपायों के बारे में भी जागरूक किया। कार्यशाला का उद्देश्य छात्र-छात्राओं को आपातकालीन परिस्थितियों में सही कदम उठाने और स्वयं के साथ दूसरों की सुरक्षा के प्रति जागरूक करना रहा। इस दौरान जिला आपदा प्रबंधन विभाग के गौरव सिंघल, आशीष भाटिया और पूजा पांचाल का भी योगदान रहा।
