ललितपुर
वृद्धाश्रम और सम्प्रेक्षण गृह में बांटे फल
एडीएम व एएसपी ने वृद्धजनों व बच्चों से किया संवाद

मिशन शक्ति फेज-6
नेशनल प्रेस टाइम्स, ब्यूरो।
ललितपुर। मिशन शक्ति फेज-6 अभियान के तहत बुधवार को अपर जिलाधिकारी दिनेश कुमार और अपर पुलिस अधीक्षक कालू सिंह ने मदर टेरेसा वृद्धाश्रम एवं राजकीय सम्प्रेक्षण गृह पहुंचकर वृद्धजनों और बच्चों को फल वितरित किए। इस पहल के माध्यम से अधिकारियों ने समाज के जरूरतमंद एवं संवेदनशील वर्गों के प्रति संवेदनशीलता, आत्मीयता और सामाजिक सहभागिता का संदेश दिया। एसपी संजीव कुमार बाजपेई के निर्देशन में जनपद में मिशन शक्ति फेज-6 अभियान संचालित किया जा रहा है। अभियान के अंतर्गत महिलाओं एवं बालिकाओं की सुरक्षा, सम्मान और जागरूकता के साथ-साथ समाज के विभिन्न वर्गों तक पहुंच बनाने के लिए विविध गतिविधियां आयोजित की जा रही हैं। इसी क्रम में अपर जिलाधिकारी और अपर पुलिस अधीक्षक ने वृद्धाश्रम में निवासरत बुजुर्गों तथा राजकीय सम्प्रेक्षण गृह में रह रहे बच्चों के बीच पहुंचकर फल वितरित किए। अधिकारियों की इस पहल का उद्देश्य उनके प्रति अपनत्व और सहयोग की भावना को प्रोत्साहित करना तथा समाज में मानवीय संवेदनाओं को मजबूत करना रहा। मिशन शक्ति अभियान के माध्यम से प्रशासन और पुलिस विभाग महिलाओं, बालिकाओं एवं जरूरतमंद वर्गों को सुरक्षा और सम्मान का भरोसा दिलाने के साथ सामाजिक जागरूकता बढ़ाने के लिए लगातार प्रयास कर रहे हैं।



