गाजियाबाद
जय श्रीराम के जयकारों से गूंज उठी गुलाब वाटिका, धूमधाम से निकली राम बारात

नेशनल प्रेस टाइम्स, ब्यूरो।
लोनी (गाजियाबाद) : नवरात्रि उत्सव के अवसर पर बुधवार को गुलाब वाटिका कॉलोनी में श्री नव धार्मिक रामलीला कमेटी की ओर से भव्य श्रीराम बारात निकाली गई। ढोल-ताशों, बैंड-बाजों और आकर्षक धार्मिक झांकियों से सुसज्जित बारात के दर्शन के लिए श्रद्धालुओं की भारी भीड़ उमड़ पड़ी। पूरी कॉलोनी जय श्रीराम के नारों व जयकारों से गूंज उठी।
श्रीराम बारात रामलीला स्थल से प्रारंभ होकर कॉलोनी के प्रमुख मार्गों से गुजरी। मार्ग में जगह-जगह श्रद्धालुओं ने भगवान श्रीराम और माता सीता के स्वरूपों की आरती उतारकर स्वागत किया। लोगों ने बड़ी संख्या में अपने घरों के दरवाजों और छतों से बारात के दर्शन किए। वहीं, कई स्थानों पर श्रद्धालुओं ने पेयजल और खाद्य सामग्री वितरित कर अपने सेवा भाव का परिचय दिया।राम बारात में मनमोहक झांकियां प्रमुख आकर्षण का केंद्र रहीं। शाम करीब छह बजे बारात रामलीला स्थल पर पहुंचकर संपन्न हुई।
इससे पूर्व कमेटी अध्यक्ष बिनोद सिंह नैन , चैयरमैन संजय अग्रवाल ने नागरिकों को भगवान श्रीराम के आदर्शों को जीवन में अपनाने का संदेश दिया। उन्होंने कहा कि रामलीला केवल मनोरंजन का माध्यम नहीं, बल्कि भगवान श्रीराम के जीवन से त्याग, समर्पण, कर्तव्यनिष्ठा और धर्म के मार्ग पर चलने की प्रेरणा लेने का अवसर भी है। उन्होंने सभी से परिवार और समाज के प्रति अपने दायित्वों का निष्ठापूर्वक निर्वहन करने की अपील की।
बारात के दौरान कानून-व्यवस्था बनाए रखने के लिए स्थानीय पुलिस प्रशासन और रामलीला कमेटी के पदाधिकारियों ने आवश्यक इंतजाम किए। आयोजन में समिति के पदाधिकारियों सहित बड़ी संख्या में श्रद्धालु मौजूद रहे।राम बारात की व्यवस्था में महीपाल जांगिड़, सतीश तुफान, इंद्रपाल जांगिड़, पंकज त्यागी संरक्षक राकेश सिंह, अशोक तिवारी ,हरिओम शर्मा, दीपक चौधरी, अक्षय जांगिड़ ने महत्वपूर्ण भूमिका अदा की


