शामली

चीनी के स्टॉक की जांच, ओम ट्रेडिंग कंपनी में सब सही मिला

दामों में बढ़ोतरी के मद्देनजर प्रशासन की टीम ने किया भौतिक सत्यापन, मौके पर मिले 642 बैग

नेशनल प्रेस टाइम्स, ब्यूरो।

झिंझाना। चीनी के बढ़ते दामों को देखते हुए प्रशासन सतर्क हो गया है। बृहस्पतिवार को अधिकारियों की टीम ने झिंझाना बस स्टैंड के पास स्थित भूपेंद्र मित्तल की ओम ट्रेडिंग कंपनी पर पहुंचकर चीनी के स्टॉक की जांच की। इस दौरान मौके पर 642 बैग चीनी मिली। अधिकारियों ने स्टॉक का रिकॉर्ड जांचा, जो सही पाया गया।
नायब तहसीलदार राहुल सैनी, ऊन के खाद्य पूर्ति निरीक्षक प्रदीप चौधरी, मंडी सचिव वीरेंद्र और मार्केटिंग ऑफिसर भूपेंद्र सिंह की टीम ने कंपनी में रखी चीनी का भौतिक सत्यापन किया। जांच के दौरान मौके पर उपलब्ध स्टॉक और अभिलेखों का मिलान किया गया।
अधिकारियों के अनुसार, ओम ट्रेडिंग कंपनी की भंडारण क्षमता 2000 बैग है। हालांकि, नायब तहसीलदार राहुल सैनी ने बताया कि फिलहाल कंपनी में अधिकतम 1000 बैग तक ही चीनी रखी जा सकती है। जांच के दौरान मिले 642 बैग चीनी के स्टॉक में कोई अनियमितता नहीं मिली।
चीनी की कीमतों में बढ़ोतरी के मद्देनजर प्रशासन की ओर से व्यापारिक प्रतिष्ठानों में स्टॉक की जांच की जा रही है। इसका उद्देश्य चीनी की उपलब्धता और भंडारण की स्थिति पर नजर रखना है, ताकि बाजार में आपूर्ति प्रभावित न हो और स्टॉक से संबंधित अनियमितताओं पर अंकुश लगाया जा सके।

Show More

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button