भरत पुर

हरिद्वार से बयाना पहुंचा दिव्य ज्योति कलश रथ, शक्तिपीठ और उषा मंदिर में पूजन-दीपदान

गायत्री मंत्र, नारी सशक्तिकरण और व्यसनमुक्त समाज का दिया संदेश, श्रद्धालुओं ने लिया गुरुदेव के विचारों को अपनाने का संकल्प

नेशनल प्रेस टाइम्स, ब्यूरो।

बयाना। अखिल विश्व गायत्री परिवार, हरिद्वार से निकले दिव्य ज्योति कलश रथ का बुधवार को बयाना पहुंचने पर श्रद्धालुओं ने श्रद्धा और उत्साह के साथ स्वागत किया। वैर रोड स्थित गायत्री शक्तिपीठ में वैदिक मंत्रोच्चार के साथ कलश का पूजन किया गया। इसके बाद शाम करीब 7 बजे रथ भीतरबाड़ी स्थित उषा मंदिर पहुंचा, जहां श्रद्धालुओं ने पूजन-अर्चन के साथ दीपदान किया। दीपों की रोशनी से मंदिर परिसर जगमगा उठा और वातावरण भक्तिमय हो गया।
गायत्री शक्तिपीठ पर आयोजित कार्यक्रम में पंडित श्रीराम शर्मा आचार्य और माता भगवती देवी शर्मा के विचारों एवं आदर्शों पर प्रकाश डाला गया। वक्ताओं ने कहा कि गुरुदेव का संदेश मनुष्य में देवत्व का जागरण, नैतिक मूल्यों की स्थापना और समाज में सद्भावना, संस्कार व सेवा की भावना को बढ़ावा देना है। उन्होंने कहा कि छोटे-छोटे सद्विचारों और सत्कर्मों से परिवार, समाज और राष्ट्र के निर्माण में योगदान दिया जा सकता है। इस दौरान शक्तिपीठ को फूल-मालाओं और दीपों से सजाया गया।
उषा मंदिर में हरिद्वार से रथ के साथ आए गायत्री परिवार के कार्यकर्ताओं ने भजन-कीर्तन किए और प्रेरणादायक प्रवचन दिए। प्रवचनों में गायत्री मंत्र की महत्ता, नारी सशक्तिकरण और व्यसनमुक्त समाज के निर्माण पर जोर दिया गया। कार्यक्रम में बड़ी संख्या में महिला-पुरुष श्रद्धालु शामिल हुए। श्रद्धालुओं ने गुरुदेव और माताजी के बताए मार्ग पर चलने तथा उनके विचारों को जीवन में अपनाने का संकल्प लिया।
गायत्री परिवार के मीडिया प्रभारी सुरेन्द्र खटाना ने बताया कि परिवार का उद्देश्य जन-जन तक आध्यात्मिक जागरण और सकारात्मक सोच का संदेश पहुंचाना है। कार्यक्रम में सुरेश पाराशर, नरेंद्र जोशी, जगन्नाथ शर्मा, कीर्तिराम शर्मा, निर्भय सिंह मावई, मोहन शर्मा, बाबूलाल गुर्जर, गजानंद कुमार, प्रदीप शर्मा, कैप्टन कप्तान सिंह , कैलाश रावत, सुरेन्द्र खटाना, हैप्पी डोई और राजेंद्र शर्मा सहित गायत्री परिवार के कार्यकर्ता एवं शहर के गणमान्य लोग मौजूद रहे।
Show More

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button