अवैध शस्त्र फैक्ट्री का भंडाफोड़, 40 बने—अधबने तमंचे बरामद
बरनावी के जंगल में ट्यूबवेल पर पुलिस ने की छापेमारी, एक गिरफ्तार, फरार आरोपित की तलाश में दबिश जारी

नेशनल प्रेस टाइम्स, ब्यूरो।
कैराना। कोतवाली पुलिस ने गांव बरनावी के जंगल में ट्यूबवेल पर चल रही अवैध शस्त्र निर्माण फैक्ट्री का भंडाफोड़ किया है। मौके से 21 बने और 19 अधबने तमंचे, कारतूस तथा शस्त्र बनाने के उपकरण बरामद करते हुए एक आरोपित को गिरफ्तार किया है। पुलिस के अनुसार, आरोपी उत्तर प्रदेश और हरियाणा के विभिन्न जिलों में हथियारों की सप्लाई करता था। मामले में एक अन्य आरोपित फरार है, जिसकी तलाश में पुलिस दबिश दे रही है।
सोमवार को एसपी एनपी सिंह ने बताया कि कैराना पुलिस ने रात में गांव बरनावी के जंगल में स्थित ट्यूबवेल पर छापा मारा। यहां अवैध रूप से तमंचे तैयार किए जा रहे थे। पुलिस ने मौके से गांव बरनावी निवासी हारून को गिरफ्तार कर लिया। मौके से 21 बने और 19 अधबने तमंचों के साथ कारतूस तथा शस्त्र बनाने के उपकरण बरामद किए गए हैं। एसपी के अनुसार, पूछताछ में आरोपी ने बताया कि वह अपने एक अन्य साथी के साथ मिलकर तमंचे तैयार करता था और उन्हें अलग—अलग स्थानों पर सप्लाई करता था। एक तमंचा पांच हजार रुपये में बेचा जाता था। पुलिस को जानकारी मिली है कि हथियारों की सप्लाई शामली, सहारनपुर और मुजफ्फरनगर के अलावा हरियाणा के पानीपत और सोनीपत तक की जाती थी। एसपी ने बताया कि मामले में इसरार उर्फ कट्टा निवासी मोहल्ला रेतावाला का नाम भी सामने आया है, जो फरार है। पुलिस उसकी तलाश कर रही है। साथ ही, यह पता लगाने का प्रयास किया जा रहा है कि अवैध शस्त्र निर्माण और सप्लाई के इस नेटवर्क में कितने लोग शामिल हैं तथा हथियार किन—किन लोगों तक पहुंचाए जाते थे। पुलिस इस बिंदु पर भी जांच कर रही है कि आगामी चुनाव के मद्देनजर कहीं बड़े पैमाने पर हथियार तो नहीं बनाए जा रहे थे। मामले में मुकदमा दर्ज कर लिया गया है।
इंस्टाग्राम के जरिए भी हथियारों की बिक्री
एसपी ने बताया कि अवैध हथियारों की सप्लाई के लिए आरोपी सोशल मीडिया का भी सहारा लेते थे। पूछताछ में इंस्टाग्राम के जरिए हथियारों की बिक्री किए जाने की जानकारी सामने आई है। पुलिस इस बात की जांच कर रही है कि सोशल मीडिया के माध्यम से किन लोगों से संपर्क किया जाता था और हथियारों की खरीद—फरोख्त में कितने लोग शामिल हैं।
आरिफ पिस्टल गैंग से जुड़ाव की जांच
एसपी ने बताया कि गिरफ्तार आरोपी का संबंध आरिफ पिस्टल गैंग से भी सामने आया है। पूछताछ में बताया गया कि पहले मध्य प्रदेश से हथियारों की सप्लाई होती थी, लेकिन आरिफ पिस्टल के जेल में बंद होने के बाद यह सप्लाई बंद हो गई। इसके बाद स्थानीय स्तर पर हथियार तैयार कर उनकी आपूर्ति किए जाने की जानकारी मिली है।



