शामली
बरनावी के जंगल में अवैध हथियार फैक्ट्री पकड़ी, एक गिरफ्तार
21 बने तमंचे, 19 अधबने तमंचों के पुर्जे और कारतूस बरामद

नेशनल प्रेस टाइम्स, ब्यूरो।
शामली। कैराना पुलिस ने ग्राम बरनावी के जंगल में ट्यूबवेल पर चल रही अवैध हथियार फैक्ट्री का भंडाफोड़ करते हुए एक आरोपी को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने मौके से 21 बने हुए तमंचे, 19 अधबने तमंचों से संबंधित पुर्जे, नौ कारतूस और हथियार बनाने के उपकरण बरामद किए हैं। पुलिस के अनुसार, आरोपी आगामी चुनाव को प्रभावित करने के उद्देश्य से तमंचे तैयार कर उनकी सप्लाई कर रहा था। पुलिस अब हथियार खरीदने वालों की तलाश में जुटी है।
सोमवार को पुलिस लाइन में पत्रकारों से वार्ता करते हुए एसपी एनपी सिंह ने बताया कि अवैध हथियारों के निर्माण और तस्करी के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के तहत कैराना पुलिस ने बरनावी के जंगल में छापा मारा। यहां एक ट्यूबवेल पर अवैध हथियार बनाने का काम चल रहा था। पुलिस ने मौके से गांव बरनावी निवासी हारून पुत्र मुंशी को गिरफ्तार कर लिया।
एसपी ने बताया कि बरामद हथियारों में 315 बोर के 12 तमंचे, 12 बोर का एक तमंचा और 12 बोर का एक पोनिया तमंचा शामिल है। इसके अलावा 315 बोर की 13 नाल, 12 बोर की 10 नाल, अधबनी बट-बॉडी, ट्रिगर, स्प्रिंग और अन्य पुर्जे भी बरामद हुए हैं। हथियार बनाने में इस्तेमाल होने वाले ग्राइंडर, ड्रिल मशीन, वेल्डिंग मशीन, आरी, रेती, हथौड़े और अन्य उपकरण भी पुलिस ने कब्जे में लिए हैं।
एसपी के अनुसार, गिरफ्तार आरोपी हारून के खिलाफ कैराना थाने में आर्म्स एक्ट, जानलेवा हमले और गैंगस्टर एक्ट समेत विभिन्न धाराओं में पहले भी मुकदमे दर्ज हैं। वर्ष 2015 में उसके खिलाफ आर्म्स एक्ट, 2017 में हत्या के प्रयास और 2021 में गैंगस्टर एक्ट के तहत कार्रवाई की गई थी। वर्ष 2026 में भी उसके खिलाफ आर्म्स एक्ट का मुकदमा दर्ज है। पुलिस अब हथियारों की सप्लाई लेने वाले लोगों का पता लगाने में जुटी है।
