पत्रकार हत्याकांड के तीन आरोपियों को पुलिस ने किया गिरफ्तार
आटा मिल व्यापारी और उसके पुत्र सहित साथियों पर पत्रकार की पीट पीटकर हत्या करने का आरोप

नेशनल प्रेस टाइम्स, ब्यूरो
हापुड़ (यूपी) – रविवार को लगभग 60 वर्षीय पत्रकार नसीम अहमद की फ्लोर मिल में उसके मालिक अशोक गुप्ता और उसके पुत्र सहित कई लोगों ने मिलकर पीट पीटकर हत्या कर दी थी । जिसके बाद मृतक के दामाद की तहरीर पर हापुड देहात थाने में कई धाराओं में मुकदमा दर्ज किया गया था । जिसके बाद पुलिस ने त्वरित कार्यवाही करते हुए आटा मिल व्यापारी अशोक गुप्ता सहित तीनों नामजद आरोपियों कपिल और नरेश को भी गिरफ्तार कर लिया ।
हापुड़ नगर कोतवाली क्षेत्र अंतर्गत मोहल्ला कोठी गेट निवासी 60 वर्षीय पत्रकार नसीम अहमद रविवार को जरौठी रोड पर एक फ्लोर मिल गए थे । जहां उनके साथ मारपीट की गई ।
मृतक नसीम के साथ घटनास्थल पर मौजूद प्रत्यक्षदर्शी सलाउद्दीन ने बताया कि , वे लोग दीपावली के विज्ञापन के सिलसिले में जरौठी रोड स्थित अशोक कुमार गुप्ता तोड़ी वालों के यहां गए हुए थे. गाड़ी में नसीम अहमद और ड्राइवर बैठे थे । सलाउद्दीन का आरोप है कि विज्ञापन मांगने की बात पर वहां विवाद शुरू हो गया था । आरोपियों ने उन्हें फर्जी पत्रकार बताते हुए वहां से पिटाई कर भगाने की कोशिश की और देखते ही देखते मालिक सहित 8 से 10 लोगों ने उन पर हमला बोल दिया । प्रत्यक्षदर्शी का दावा है कि उसके साथ लात-घूंसों से जमकर मारपीट की गई. इसके बाद पत्रकार नसीम की अचानक तबीयत बिगड़ गई । आनन-फानन में नसीम को हापुड़ के गढ़ रोड स्थित सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र (सीएचसी) ले जाया गया, जहां डॉक्टरों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया ।
एसपी मधुबन कुमार सिंह ने बताया कि मामला थाना हापुड़ देहात का है । नसीम अहमद पुत्र शमीम जनवाणी दैनिक अखबार के पत्रकार हैं और यहां पर एक फ्लोर मिल पर दिवाली का विज्ञापन लेने के लिए आए थे । बताया गया कि इनके साथ यहां पर मारपीट हुई है और अस्पताल ले जाते समय, अस्पताल में इनकी मृत्यु हो गई है. इस संबंध में दो लोगों को हिरासत में लेकर कार्यवाही की जा रही है ।
जबकि वहीं हापुड के अपर पुलिस अधीक्षक महेश कुमार ने बताया कि ,
थाना हापुड़ देहात पुलिस ने त्वरित प्रभारी कार्यवाही करते हुए नसीम (पत्रकार) हत्याकांड में संलिप्त आटा मिल मालिक अशोक गुप्ता सहित 03 अभियुक्तों को गिरफ्तार किया है। कल दिनांक 18.10.2026 को मृतक नसीम व अपने सहयोगियों के साथ अभियुक्तों के जरौठी रोड़ स्थित आटा मील पर विज्ञापन लेने हेतु गये थे, जहां पर अभियुक्तों द्वारा एक राय होकर नसीम व उसके सहयोगियों के साथ मारपीट की गयी थी, जिसमें नसीम उपरोक्त की मृत्यु हो गयी थी। इसमें कार्यवाही करते हुए थाना हापुड़ देहात पुलिस द्वारा थाने के मु०अ०सं० 439/26 धारा 190, 191(2), 103(1), 352, 351(3), 3(5) बीएनएस में नामित 03 अभियुक्तों अशोक कुमार गुप्ता पुत्र मूलचन्द गुप्ता ,कपिल अग्रवाल पुत्र राम अवतार अग्रवाल और नरेश कुमार पुत्र स्व० सुरेशचन्द्र को रॉयल एन्कलेव कॉलौनी के पास से गिरफ्तार किया है एवं अग्रिम विधिक कार्यवाही की जा रही है।




