शामली
मिशन शक्ति के तहत छात्राओं को महिला सुरक्षा और कानूनी अधिकारों की जानकारी दी

नेशनल प्रेस टाइम्स, ब्यूरो।
शामली। शहर के श्री जैन कन्या इंटर कॉलेज में मिशन शक्ति फेज-6 के तहत छात्राओं को महिला सुरक्षा, कानूनी अधिकारों और आत्मनिर्भरता के प्रति जागरूक किया गया। कार्यक्रम में अधिवक्ता अमृता देशवाल, एंटी रोमियो स्क्वॉड प्रभारी शिवानी चौधरी, समाजसेवी वीना अग्रवाल और ब्यूटीशियन रश्मि ने छात्राओं को विभिन्न विषयों पर जानकारी दी।
अधिवक्ता अमृता देशवाल ने छात्राओं को अपने लक्ष्य निर्धारित करने, कानूनी अधिकारों की जानकारी रखने और गुड टच-बैड टच के प्रति सजग रहने की सलाह दी। उन्होंने कहा कि आत्मविश्वास और जागरूकता महिला सशक्तीकरण की बुनियाद हैं। एंटी रोमियो स्क्वॉड प्रभारी शिवानी चौधरी ने गलत व्यवहार और उत्पीड़न के खिलाफ आवाज उठाने तथा सोशल मीडिया का सावधानी से इस्तेमाल करने की अपील की। उन्होंने 112, 1090, 181, 1098 और 1930 हेल्पलाइन नंबरों की जानकारी भी दी।
समाजसेवी वीना अग्रवाल ने जरूरतमंदों की मदद कर समाज में सकारात्मक बदलाव लाने का संदेश दिया, जबकि ब्यूटीशियन रश्मि ने कौशल विकास और निरंतर प्रयासों से आत्मनिर्भर बनने के लिए प्रेरित किया। कार्यक्रम में छात्राओं ने अतिथियों से सवाल पूछकर अपनी जिज्ञासाओं का समाधान किया। अंत में प्रधानाचार्या डॉ. रुचिता ढाका ने अतिथियों का आभार जताते हुए कहा कि महिलाओं को सुरक्षित, सशक्त और आत्मनिर्भर बनाने में कानून, पुलिस, समाजसेवा और कौशल विकास की अहम भूमिका है।



