सिंगरौली
यूनियन ग्रामीण स्वरोजगार प्रशिक्षण संसथान में एलुमनी मीट

नेशनल प्रेस टाइम्स, ब्यूरो।
सिंगरौली । सिंगरौली जिले के ग्रामीण स्वरोजगार प्रशिक्षण संस्थान (आरसेटी) में आज एक प्रेरणास्पद एलुमनाई मीट का आयोजन किया गया। इस आयोजन में आरसेटी से प्रशिक्षण प्राप्त कर अपने-अपने व्यवसाय की सफल शुरुआत करने वाले पूर्व प्रतिभागियों को आमंत्रित किया गया। कार्यक्रम का उद्देश्य था सफल उद्यमियों को मंच प्रदान कर उनके अनुभव, संघर्ष और उपलब्धियों को प्रशिक्षुओं से साझा करवाना, ताकि वे प्रेरणा ले सकें।
कार्यक्रम की शुरुआत दीप प्रज्वलन एवं सरस्वती वंदना से हुई। इसके पश्चात RSETI निदेशक विजय कुमार ने सभी उपस्थित एलुमनाई सदस्यों का स्वागत किया एवं कार्यक्रम के उद्देश्य पर प्रकाश डाला । मुख्य अतिथि के रूप में रंजीत कुमार, जिला अग्रणी प्रबंधक ने अपने संबोधन में RSETI द्वारा स्वरोजगार को बढ़ावा देने की दिशा में किए गए प्रयासों की सराहना की। उन्होंने पूर्व प्रशिक्षुओं को प्रेरित किया कि वे अपने अनुभव साझा करें एवं दूसरों को भी स्वरोजगार हेतु प्रेरित करें। कई पूर्व प्रशिक्षुओं ने मंच पर आकर अपने-अपने अनुभव साझा किए। उन्होंने बताया कि किस तरह आरसेटी के प्रशिक्षण ने उन्हें आत्मविश्वास दिया, प्रशिक्षण के उपरांत कैसे उन्होंने स्वरोजगार की दिशा में सफलता प्राप्त की और किस प्रकार उन्होंने सीमित संसाधनों के बावजूद अपने सपनों को साकार किया । कुछ ने सिलाई-कढ़ाई यूनिट शुरू की, तो कुछ ने ब्यूटी पार्लर, मोबाइल रिपेयरिंग,बाइक रिपेयरिंग, इलेक्ट्रिक मोटर रिवाइन्डिंग और अन्य क्षेत्रों में अपने कारोबार को खड़ा किया । उनमे से ज्यादातर एलुमनाई 500 रूपए से 1000 रूपए प्रतिदिन कमा पा रहे है।
कार्यक्रम के दौरान उद्यमियों ने अपने सामने आई चुनौतियों और संघर्षों को भी साझा किया जैसे पूंजी की कमी, बाजार की समझ, या तकनीकी समस्याएं । इन सभी बिंदुओं पर एलडीएम और निदेशक ने सकारात्मक मार्गदर्शन देते हुए एलुमनाई सदस्यों को आगे की योजनाओं, सरकारी योजनाओं, बैंक लोन प्रक्रिया एवं मार्केटिंग रणनीतियों के बारे में परामर्श दिया कि कैसे संस्थान और बैंक मिलकर इन चुनौतियों का समाधान करने में मदद कर सकते हैं। कार्यक्रम के अंत में सभी सफल उद्यमियों को स्मृति चिन्ह भेंट किए गए।
उन्होंने बताया कि RSETI से प्राप्त यह सत्र अत्यंत प्रेरणादायक रहा। कार्यक्रम को सफल बनाने में फैकल्टी श्रीमती निशा द्विवेदी, कार्यालय सहायक, अभय कुमारी सिंह,कार्यालय परिचारक सूरज कुमार रजक की अहम् भूमिका रही ।



