पाकुड़िया में कल्याण योजनाओं का लाभ वितरण कार्यक्रम आयोजित, दिव्यांगों व आंगनबाड़ी बच्चे हुए लाभान्वित
Welfare scheme benefit distribution program organized in Pakuria, disabled people and Anganwadi children benefited

नेशनल प्रेस टाइम्स ब्यूरो।
पाकुड़। पाकुड़िया प्रखण्ड के मोंगलाबांध स्थित विधायक आवास परिसर में सामाजिक कल्याण एवं महिला-बाल विकास विभाग के तत्वावधान में लाभ वितरण कार्यक्रम का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में महेशपुर विधायक प्रो. स्टीफन मरांडी ने दिव्यांगजनों के बीच ट्राईसाइकिल का वितरण किया, वहीं आंगनबाड़ी केंद्रों के बच्चों को स्कूल बैग, शैक्षणिक पोशाक एवं निःशुल्क स्कूल किट प्रदान की गई। कार्यक्रम के दौरान प्रखंड विकास पदाधिकारी सोमनाथ बनर्जी सहित संबंधित विभागों के कई अधिकारी एवं जनप्रतिनिधि उपस्थित रहे। कार्यक्रम का मुख्य उद्देश्य बच्चों की शिक्षा को सशक्त बनाना तथा दिव्यांगजनों की दैनिक जीवन की चुनौतियों को कम करना रहा। इस अवसर पर झारखण्ड विधानसभा निर्वाचन में महेशपुर विधानसभा क्षेत्र से हैट्रिक लगाये विधायक प्रो. स्टीफन मरांडी ने कहा कि राज्य सरकार आंगनबाड़ी केंद्रों को केवल पोषण तक सीमित नहीं रख रही है, बल्कि बच्चों के शैक्षणिक विकास पर भी विशेष ध्यान दिया जा रहा है। उन्होंने बताया कि आंगनबाड़ी केंद्रों के माध्यम से बच्चों में पढ़ने-लिखने की प्रारंभिक क्षमता को मजबूत करने के लिए निरंतर प्रयास किए जा रहे हैं। विधायक ने कहा कि मुख्यमंत्री हेमन्त सोरेन के नेतृत्व में राज्य सरकार गरीब, वंचित और जरूरतमंद वर्गों के कल्याण के लिए प्रतिबद्ध है और जनकल्याणकारी योजनाओं को प्रभावी रूप से धरातल पर उतारा जा रहा है। ट्राईसाइकिल प्राप्त कर दिव्यांग लाभार्थियों के चेहरे पर खुशी साफ झलक रही थी। लाभार्थियों ने बताया कि इस सहायता से उनके आवागमन में काफी सहूलियत होगी और जीवन पहले से अधिक आसान बनेगा। कार्यक्रम में राजू चौबे, पंचायत समिति सदस्य रीमा रविदास, सूरज रविदास, मोईन आलम सहित अन्य गणमान्य लोग एवं बड़ी संख्या में स्थानीय ग्रामीण उपस्थित थे।



