शामली
उधार के रुपये मांगने पर दुकानदार से मारपीट, थाने पर शिकायत

नेशनल प्रेस टाइम्स, ब्यूरो।
कांधला। कस्बे के नई बस्ती मोहल्ला निवासी फुरकान पुत्र मांगा ने रविवार को थाने पर तहरीर देकर पड़ोसी पर उधार के रुपये मांगने पर मारपीट करने का आरोप लगाया है। पीड़ित ने पुलिस से मामले में कार्रवाई की मांग की है।
तहरीर में फुरकान ने बताया कि वह कस्बे में कपड़े की दुकान करता है। आरोप है कि उसके पड़ोसी सलीम पुत्र जानू ने कुछ समय पूर्व उससे 72 हजार 250 रुपये का कपड़ा उधार लिया था। कई बार रुपये मांगने के बावजूद आरोपी टालमटोल करता रहा। रविवार को जब पीड़ित अपने रुपये मांगने आरोपी के घर पहुंचा तो इस बात को लेकर कहासुनी हो गई। आरोप है कि इसी दौरान सलीम ने अपने परिवार के कई लोगों के साथ मिलकर फुरकान के साथ मारपीट कर दी। शोर शराबा होने पर आसपास के लोगों ने मौके पर पहुंचकर बीच-बचाव किया और मामला शांत कराया। घटना के बाद पीड़ित थाने पहुंचा और पूरे घटनाक्रम से अवगत कराते हुए तहरीर सौंपी। पुलिस ने तहरीर के आधार पर मामले की जांच शुरू कर दी है। इस संबंध में कार्यवाहक थाना प्रभारी निरीक्षक राजीव कुमार का कहना है कि पीड़ित की तहरीर प्राप्त हुई है। मामले की निष्पक्ष जांच कराई जा रही है और जांच के आधार पर आवश्यक कानूनी कार्रवाई की जाएगी।


