मलेरिया उन्मूलन में सकारात्मक परिणाम : सिविल सर्जन

गोड्डा :: विश्व मलेरिया दिवस के अवसर पर सिविल सर्जन डा. अनंत कुमार झा की अध्यक्षता में अंतर विभागीय कार्यशाला का आयोजन किया गया । सिविल सर्जन डा. अनंत कुमार झा ने कहा कि मलेरिया उन्मूलन की दिशा में स्वास्थ्य विभाग की ओर से किए जा रहे प्रयासों का फलाफल सामने आया है। वर्ष 2024 में जिले में लगभग ढाई लाख लोगों की मलेरिया जांच की गई थी। जिसमें करीब 10 हजार से अधिक लोग मलेरिया से आक्रांत मिले थे। इस वर्ष अबतक विभाग ने जिले के 60 हजार से अधिक लोगों की मलेरिया जांच की। इसमें महज 892 लोग ही मलेरिया से आक्रांत मिले हैं। विभाग के लिए यह राहत की बात है।वैश्विक स्तर पर मलेरिया उन्मूलन अभियान में भारत भी शामिल है।
इस दिशा में सकारात्मक पहल की जरुरत है। इस अवसर पर सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र पथरगामा के प्रभारी चिकित्सा पदाधिकारी डा. मोहन पासवान एवं सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र बोआरीजोर के प्रभारी चिकित्सा पदाधिकारी डा. सुनील कुमार किस्कू, भी.बी.डी सलाहकार हेमंत कुमार भगत ने संयुक्त रूप से सत्र का संचालन किया और मलेरिया बीमारी के लक्षण सुरक्षा,बचाव,उपचार की विस्तृत जानकारी दी गई। कार्यशाला में प्रभात रंजन, अर्बन मैनेजर जयशंकर, जे.एस.एल.पी.एस के एन. यू.एच.एम सहित शिक्षा विभाग ,साथी व प्रदान संस्था के प्रतिनिधि शामिल थे।