वन विभाग ने एक शावक सहित तेंदुए का किया रेस्क्यू ,क्षेत्र में और भी तेंदुए होने की आशंका

कांठ थाना क्षेत्र के एक स्कूल में तेंदुआ घुस गया। इसके बाद स्कूल स्टाफ ने तेंदुए को एक कमरे में बंद कर दिया और वन विभाग को सूचना दे दी। वहीं अगवानपुर रेंज में एक तेंदुए का शावक मिला है। वन विभाग की टीम इस शावक पर पिछले 4 दिन से नज़र बनाए हुए थी।
नेशनल प्रेस टाइम्स ब्यूरो,
मुरादाबाद।कांठ थाना क्षेत्र के उमरी कलां के एक स्कूल में तेंदुआ घुस गया। इसके बाद स्कूल स्टाफ ने हिम्मत दिखाते हुए तेंदुए को एक कमरे में बंद कर दिया और वन विभाग को सूचना दे दी। इसके बाद मौके पर पहुंची वन विभाग की टीम ने 3 घंटे की कड़ी मशक्कत के बाद तेंदुए का रेस्क्यू किया। वहीं अगवानपुर रेंज में एक तेंदुए का शावक मिला है। वन विभाग की टीम इस शावक पर पिछले 4 दिन से नज़र बनाए हुए थी। वन विभाग ने तेंदुए का सुबह तो वहीं शावक का देर शाम रेस्क्यू किया गया।
आए दिन आतंक का पर्याय बन चुके तेंदुए ने किसानों का खेतों पर जाना मुश्किल कर रखा है। जनपद के अलग अलग थाना क्षेत्रों से तेंदुए और उनके शावक मिलने की खबरें सामने आ रही हैं। बीते दिनों भोजपुर थाना क्षेत्र के एक गांव में तेंदुए के तीन शावक मिले थे। इसी के मद्देनजर वन विभाग की टीम लगातार क्षेत्रों में अभियान चलाकर तेंदुए और उनके शावकों को खोजने में लगी हुई थी। जिसके फलस्वरूप वन विभाग को टीम को कामयाबी मिली। एक तेंदुआ और एक शावक वन विभाग के कब्जे में आ गया।
क्षेत्र में और भी तेंदुए होने की आशंका
वन विभाग के रेंजर गिरीश चंद्र ने बताया कि जनपद के कई क्षेत्रों से तेंदुए देखे जाने की सूचना प्राप्त हो रही थी। इसी के चलते कई जगहों पर टीम के साथ सर्च ऑपरेशन चलाया जा रहा है। इसके बाद शुक्रवार को एक तेंदुए का कांठ थाना क्षेत्र के उमरी कलां से रेस्क्यू किया गया। वहीं एक तेंदुए के शावक को अगवानपुर रेंज से पकड़ा है। पकड़े गए शावक को टीम पिछले 4 दिन से फॉलो कर रही थी। वन विभाग को मादा तेंदुए की तलाश थी। आगे भी सर्च ऑपरेशन जारी रहेगा।