अमरोहा में 14 साल के मदरसा छात्र की नहर में डूबकर मौत

3 दिन बाद मिला शव, लोगों ने गहरे पानी में जाने से रोका था
नेशनल प्रेस टाइम्स, ब्यूरो।
अमरोहा : गजरौला थाना क्षेत्र में एक दर्दनाक घटना सामने आई है। गांव पपसरा खादर में गंगा पोशक नहर से 14 वर्षीय मदरसा छात्र सुहेल का शव बरामद हुआ है। सुहेल तीन दिन पहले 27 तारीख को नहर में डूब गया था। घटना से पहले का एक वीडियो भी सामने आया है।
इसमें आसपास खड़े लोग सुहेल को आगे न बढ़ने की चेतावनी देते दिख रहे हैं। सुहेल उमर मोहम्मद का पुत्र था और मदरसे में पढ़ाई करता था। परिवार के लिए यह गहरा सदमा है क्योंकि दो साल पहले सुहेल के पिता का निधन हो चुका था। कुछ दिन पहले उसके एक भाई की भी मृत्यु हो गई थी। दूसरा भाई अपनी ससुराल में रहता है।
सुहेल अपनी मां का एकमात्र सहारा था। उसकी मौत की खबर से पूरे गांव में शोक की लहर है। गोताखोरों ने काफी मशक्कत के बाद शव को बरामद किया। पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है और मामले की वैधानिक कार्रवाई शुरू कर दी है।