अमरोहा

बसपा के पूर्व जिलाध्यक्ष के इकलौते बेटे ने सुसाइड किया

अमरोहा में सिर पर गोली मारी; CA कर रहा था, मां शव देखकर बेहोश

नेशनल प्रेस टाइम्स, ब्यूरो।

अमरोहा : बसपा के पूर्व जिलाध्यक्ष के 21 साल के इकलौते बेटे ने लाइसेंसी रिवॉल्वर से खुद को गोली मार ली। गोली सिर के आर-पार हो गई। घटना के वक्त वह घर पर अकेला था। उसके पिता, मां और बहन मेरठ दवा लेने गए थे। सोमवार रात लौटे तो बहन भाई के कमरे में गई। देखा कि उसकी लाश बेड पर पड़ी हुई थी।

यह देखकर वह दौड़ते हुए मां-पिता के पास पहुंची और रोते हुए घटना के बारे में बताया। यह सुनते ही मां बेहोश होकर गिर पड़ी। आवाज सुनकर पड़ोसी मौके पर पहुंचे। युवक को आनन-फानन में अस्पताल लेकर जाया गया, जहां डॉक्टर ने उसे मृत घोषित कर दिया। युवक CA की पढ़ाई कर रहा था। पूरी घटना शहर के आवास विकास कॉलोनी की है।

CA फाइनल ईयर में था युवक

बसपा के पूर्व जिलाध्यक्ष राम अवतार सिंह मूल रूप से नौगावां सादात के खंडसाल कलां गांव के निवासी हैं। कुछ साल पहले वे पत्नी, बेटे और बेटी के साथ आवास विकास कॉलोनी में शिफ्ट हो गए थे। बेटी अलका अमरोहा से ही CA की तैयारी कर रही थी, जबकि बेटा अश्विनी CA फाइनल ईयर का छात्र था और दिल्ली के मुखर्जी नगर में रहता था। चार दिन पहले ही वह घर आया था।

सोमवार को राम अवतार सिंह, पत्नी किरण देवी की दवा लेने मेरठ गए थे। बेटी अलका भी साथ गई थी। घर पर सिर्फ बेटा अश्विनी ही था। दवा लेकर वे रात 11 बजे घर लौटे। राम अवतार सिंह और उनकी पत्नी ने बेटी से कहा-हम बहुत थक गए हैं, कमरे में सोने जा रहे हैं। तुम सोने से पहले एक बार अश्विनी को देख लेना। इसके बाद दोनों अपने कमरे में चले गए। अलका ने सामान रखा और भाई को देखने उसके कमरे में गई।

भाई की खून से लथपथ लाश देखकर चीख पड़ी बहन

अलका ने अश्विनी के कमरे का दरवाजा खटखटाया तो वह खुल गया। जैसे ही वह अंदर गई, देखा कि अश्विनी खून से लथपथ बेड पर पड़ा है। कमरे में खून के छींटे फैले थे। अलका चिल्लाते हुए मम्मी-पापा के कमरे की ओर भागी और रोते हुए बोली-पापा… भाई… पापा भाई…।

राम अवतार सिंह ने घबराकर पूछा- क्या हुआ? अलका ने रोते हुए बताया- पापा, भाई ने खुद को गोली मार ली है। यह सुनते ही अश्विनी की मां बेहोश होकर गिर पड़ीं। राम अवतार सिंह भागते हुए बेटे के कमरे में पहुंचे। वह भी बेटे का शव देखकर बदहवास हो गए।

अस्पताल ले गए, लेकिन जान नहीं बची

परिवार की चीख-पुकार सुनकर पड़ोसी मौके पर पहुंचे। परिजन अश्विनी को जिला अस्पताल लेकर गए, जहां डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया। घटना की सूचना पुलिस को दी गई। पुलिस मौके पर पहुंची और कमरे की जांच की।

सीओ शक्ति सिंह ने बताया-फोरेंसिक टीम ने घटनास्थल से सबूत जुटाए हैं। शुरुआती जांच में न तो घर में लूटपाट के निशान मिले हैं, न ही कोई सुसाइड नोट बरामद हुआ है। अश्विनी की कॉल डिटेल और चैट्स की जांच की जा रही है। घर में लगे सीसीटीवी कैमरों की डीवीआर कब्जे में ली गई है, ताकि दिनभर की गतिविधियों का पता चल सके।

Show More

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button