पेड़ से लटका मिला युवक का शव

पत्नी का आरोप- साथी कर्मचारी फार्म से ले गए थे, दोपहर में हुई थी आखिरी बात
अमरोहा : मंडी धनौरा थाना क्षेत्र के गांव आजमपुर में एक 30 वर्षीय युवक का शव गन्ने के खेत में पेड़ से लटका मिला। मृतक की पहचान बिन्दर पुत्र रिषिपाल के रूप में हुई है। मृतक की पत्नी जोनी ने बताया कि कल दोपहर में उनकी पति से आखिरी बार बात हुई थी। उन्होंने आरोप लगाया कि फार्म पर साथ काम करने वाले 4-5 युवक उनके पति को अपने साथ ले गए थे। इसके बाद से उनका कोई पता नहीं चला। थाना अध्यक्ष ने बताया कि अभी तक परिवार की ओर से कोई तहरीर नहीं मिली है। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। मौत के कारणों का अभी तक कोई सुराग नहीं मिला है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही मृत्यु के कारणों का पता चल पाएगा पुलिस मामले की गहन जांच कर रही है। घटना की जानकारी मिलते ही स्थानीय लोगों में हड़कंप मच गया। आसपास के क्षेत्र के लोग भी मौके पर पहुंचे।



