तेंदुए को पीटकर मारने वाले तीन लोग गिरफ्तार

हमले में 6 किसान घायल हो गए थे, ग्रामीणों ने लाठी-डंडों से पीटा था
नेशनल प्रेस टाइम्स, ब्यूरो।
अमरोहा : जिले के नौगावां सादात थाना क्षेत्र के कुतुबपुर हमीदपुर गांव में एक तेंदुए ने किसानों पर हमला कर दिया। इस हमले में 6 किसान घायल हो गए। घटना शनिवार सुबह करीब 7 बजे की है।
घटना के समय कोविन नाम का किसान खेत में टमाटर तोड़ रहा था। अचानक तेंदुए ने उस पर हमला कर दिया। आसपास के खेतों में काम कर रहे लोगों ने कोविन को बचाने की कोशिश की। इस दौरान तेंदुए ने उन पर भी हमला कर दिया।
बचाव के दौरान कुछ ग्रामीणों ने तेंदुए पर हमला कर दिया, जिससे उसकी मौत हो गई। वन विभाग ने इस मामले में केस दर्ज करवाया। पुलिस ने रविवार को तीन आरोपियों राजू सैनी, धर्मवीर और राजेश कुमार को गिरफ्तार कर लिया।
क्षेत्रीय वन अधिकारी राजीव वर्मा ने पहले ग्राम प्रधान बृजेश और उनके साथियों पर भी आरोपियों को हिरासत से भगाने का आरोप लगाया था। बाद में वन विभाग ने तहरीर में बदलाव करते हुए ग्राम प्रधान और उनके साथियों का नाम हटा दिया।
सर्किल सीओ अवधभान सिंह भदोरिया के अनुसार, तीनों आरोपियों को कोर्ट में पेश किया गया, जहां से उन्हें जेल भेज दिया गया। पुलिस अब वीडियो और फोटो के आधार पर अन्य आरोपियों की पहचान कर रही है।