साहेबगंज

नमामि गंगे योजना के तहत सीवरेज एवं जल शुद्धिकरण कार्यों की हुई समीक्षा

Sewerage and water purification works reviewed under Namami Gange scheme

नेशनल प्रेस टाइम्स ब्यूरो,
साहेबगंज ( झा०खं०), नमामि गंगे परियोजना के तहत नगर क्षेत्र में जल प्रदूषण की रोकथाम और गंगा नदी के संरक्षण के उद्देश्य से आज समाहरणालय सभागार में उपायुक्त हेमंत सती की अध्यक्षता में एक उच्चस्तरीय समीक्षा बैठक आयोजित की गई। बैठक में शहरी सीवरेज व्यवस्था, जल शुद्धिकरण उपायों तथा अन्य संबंधित कार्यों की अद्यतन स्थिति का जायजा लिया गया एवं भावी कार्ययोजना पर विस्तार से चर्चा हुई। बैठक में सीवरेज ट्रीटमेंट प्लांट (STP) के उन्नयन, इंटरसेप्शन एवं डायवर्जन (I&D) कार्यों की प्रगति, तथा स्टॉर्म वॉटर ड्रेनेज सिस्टम की वर्तमान स्थिति की गहन समीक्षा की गई। विशेषकर आगामी मानसून को ध्यान में रखते हुए नगर के विभिन्न क्षेत्रों में वर्षा जल निकासी की समुचित व्यवस्था सुनिश्चित करने पर बल दिया गया। साहिबगंज नगर क्षेत्र में संचालित सीवरेज ट्रीटमेंट संयंत्र की वर्तमान क्षमता, कार्यशीलता और उन्नयन की आवश्यकता पर आधारित विस्तृत परियोजना प्रतिवेदन (DPR) पर चर्चा की गई। गंगा नदी में सीधे गिरने वाले नालों को नियंत्रित करने हेतु इंटरसेप्शन एवं डायवर्जन से जुड़े कार्यों की प्रगति की समीक्षा की गई एवं शेष कार्यों के शीघ्र निष्पादन हेतु रणनीति पर विचार किया गया। वर्षा जल निकासी की समुचित व्यवस्था सुनिश्चित करने हेतु शहरी क्षेत्रों में ड्रेनेज नेटवर्क की स्थिति एवं सुधारात्मक कार्यों पर गहन विचार विमर्श किया गया। बैठक में जल जीवन मिशन, शहरी विकास विभाग, तथा तकनीकी सलाहकार संस्थाओं एमएसवी-कंसल्टेंट एवं ज्यूडिको (JUDICO) के प्रतिनिधियों द्वारा परियोजना के विभिन्न पहलुओं का तकनीकी प्रस्तुतीकरण दिया गया। इस दौरान उन्होंने सर्वेक्षण रिपोर्ट, क्रियान्वयन में आ रही चुनौतियों एवं समाधान के संभावित विकल्पों को साझा किया। उपायुक्त ने सभी संबंधित विभागों एवं एजेंसियों को निर्देशित किया कि कार्यों की प्रगति की नियमित समीक्षा एवं अद्यतन की जाए, विभिन्न एजेंसियों के बीच सशक्त समन्वय स्थापित कर समयबद्ध ढंग से योजनाओं का क्रियान्वयन सुनिश्चित किया जाए, तथा जनहित से जुड़ी इस महत्त्वपूर्ण परियोजना को प्राथमिकता दी जाए। इस बैठक को नमामि गंगे योजना के अगले चरण हेतु दिशा निर्धारण की दृष्टि से अत्यंत महत्वपूर्ण माना जा रहा है। यह नगर क्षेत्र में जल गुणवत्ता सुधार एवं गंगा स्वच्छता को ठोस गति प्रदान करने का एक निर्णायक कदम है। इस अवसर पर वन प्रमंडल पदाधिकारी प्रबल गर्ग, जिला सहकारिता पदाधिकारी महादेव मुर्मू, नगर प्रशासन पदाधिकारी अभिषेक कुमार सिंह सहित अन्य संबंधित पदाधिकारी एवं तकनीकी प्रतिनिधिगण उपस्थित थे।

Show More

Nurul Islam

PRABHARI (MANDAL)

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button