अमरोहा
अमरोहा में ट्रक ने बाइक को मारी टक्कर
दिल्ली जा रहे कारपेंटर की मौत, साथी गंभीर घायल; ट्रक चालक फरार

नेशनल प्रेस टाइम्स, ब्यूरो
अमरोहा : गजरौला थाना क्षेत्र में कुमराला चौकी के पास एक दर्दनाक सड़क हादसा हुआ। तेज रफ्तार ट्रक ने बाइक को टक्कर मार दी। हादसे में बाइक सवार एक युवक की मौके पर ही मौत हो गई। उसका साथी गंभीर रूप से घायल हो गया।
मृतक की पहचान बिजनौर के चांदपुर थाना क्षेत्र के गांव गली निवासी नईम के रूप में हुई है। घायल युवक का नाम साहिल है। दोनों दिल्ली में कारपेंटर का काम करते थे। ईद की छुट्टियां मनाकर वे शुक्रवार को दिल्ली वापस लौट रहे थे।
पुलिस ने घायल साहिल को पहले गजरौला सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र में भर्ती कराया। उसकी गंभीर हालत को देखते हुए डॉक्टरों ने उसे अन्य अस्पताल रेफर कर दिया। नईम को डॉक्टरों ने मृत घोषित कर दिया। हादसे की खबर मिलते ही मृतक के परिजनों का रो-रो कर बुरा हाल है। पुलिस ने मृतक के शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। हादसे के बाद ट्रक चालक मौके से फरार हो गया। पुलिस मामले की जांच कर रही है।