अमरोहा
Amroha Accident: हाईवे पर ट्रैक्टर-ट्रॉली में टकराकर कार के उड़े परखच्चे, बुलंदशहर के दो फल कारोबारियों की मौत

नेशनल प्रेस टाइम्स, ब्यूरो
अमरोहा : हाईवे पर एक दर्दनाक हादसे में दो फल कारोबारियों की मौत हो गई। बुलंदशहर के रहने वाले ये कारोबारी रामनगर से लौट रहे थे तभी उनकी कार ईंटों से लदी ट्रैक्टर-ट्राली से टकरा गई। इस दुर्घटना में दो लोग गंभीर रूप से घायल भी हुए हैं जिनका इलाज चल रहा है। पुलिस मामले की जांच कर रही है।
हाईवे पर ट्रैक्टर-ट्रॉली में पीछे से घुसी कार, दो की मौत
बुलंदशहर के रहने वाले हैं दोनों मृतक, दो घायल
रामनगर से वापस लौट रहे थे चार लोग
हाईवे पर चालक को झपकी आने के कारण तेज रफ्तार कार पीछे से ईंटों से लदी ट्रैक्टर-ट्रॉली में घुस गई। हादसे में बुलंदशहर निवासी दो फल कारोबारियों की मौके पर ही मौत हो गई। जबकि दो घायल हो गए। घायलों का उपचार जिला अस्पताल में चल रहा है।
यह हादसा शनिवार तड़के लगभग चार बजे रजबपुर थाना क्षेत्र में हाईवे पर गांव झनकपुरी के पास हुआ। बुलंदशहर के मुहल्ला हीरापुर स्याना अड्डा निवासी उमेश कुमार बुलंदशहर के ही नंगला घाट के रहने वाले मोहम्मद फुरकान, जाकिर व फुरकान अली के साथ शुक्रवार शाम रामनगर के कालाडूंगी आए थे
लीची खरीदने आए थे फल कारोबारी
चारों ही फल कारोबारी हैं और कालाडूंगी लीची खरीदने गए थे। वहां से लीची खरीद कर दूसरे वाहन में लाद कर बुलंदशहर के लिए भेज दी थीं। जबकि चारों लोग कार में सवार होकर घर लौट रहे थे। शनिवार तड़के लगभग चार बजे जब उनकी कार झनकपुरी के पास पहुंची तो चालक जाकिर को झपकी आ गई। जिससे उनकी कार अनियंत्रित होकर आगे चल रही ईंटों से लदी ट्रैक्टर-ट्रॉली से टकरा गई।
कार के परखच्चे उड़े
हादसा इतना जबरदस्त था कि कार के परखच्चे उड़ गए। हादसे में उमेश व मोहम्मद फुरकान की मौके पर ही मौत हो गई। जबकि जाकिर व फुरकान अली गंभीर रूप से घायल हो गए। मौके पर पहुंची पुलिस ने राहगीरों की मदद से दोनों घायलों को जिला अस्पताल में भर्ती कराया। जबकि दोनों के शव पोस्टमार्टम के लिए भेज दिए। सूचना मिलते ही मृतकों व घायलों के स्वजन व भी आ गए थे।
थानाध्यक्ष कोमल तोमर ने बताया कि स्वजन की तहरीर के आधार पर प्राथमिकी दर्ज की जाएगी