झुंझुनू
सेफरागुंवार की युवती की संदिग्धावस्था में मौत मामले को लेकर ग्रामीण और परिजन खेतड़ी के अस्पताल में बैठे धरने पर

नेशनल प्रेस टाइम्स,ब्यूरो।
झुंझुनूं। जिले के खेतड़ी उपखंड क्षेत्र के सेफरागुंवार की युवती की संदिग्धावस्था में मौत हो जाने से गुस्साए ग्रामीणों और परिजनों ने युवती के साथ हुई संदिग्ध घटना तथा हत्या का आरोप लगाते हुए शव लेने से मना कर दिया और खेतड़ी के अजीत अस्पताल के सामने धरने पर बैठ गए। परिजनों के अनुसार मृतक युवती सोमवार को रेलवे की परीक्षा देने सीकर गई थी। रात्रि 8 बजे संदिग्ध अवस्था में एक युवक एम्बुलेंस से युवती को घर छोड़कर गया था। युवती के घर आने के 1 घंटे बाद युवती की हालत गंभीर होने पर परिजन खेतड़ी के अजीत अस्पताल लेकर गए जहां डॉक्टरों ने युवती को मृत घोषित कर दिया। परिजनों ने कहा कि युवती के साथ संदिग्ध घटना घटी है। उसकी हत्या की गई है। ग्रामीणों ने संदिग्धावस्था में हुई युवती की मौत मामले का खुलासा और सच्चाई सामने लाने की मांग को लेकर शव लेने से इंकार कर दिया। ग्रामीणों ने कहा कि जब तक मामले का खुलासा नहीं होगा तब तक धरना जारी रहेगा। शव अजीत अस्पताल की मोर्चरी में रखा गया है। प्रशासन और पुलिस के अधिकारियों ने ग्रामीणों से समझाइश की पर ग्रामीण युवती की संदिग्ध मौत मामले के खुलासे और निष्पक्ष जांच की मांग को लेकर अड़े रहे। इस दौरान शंकर सिंह शेखावत, जमन लाल कुमावत, ओम प्रकाश कुमावत, हुक्मीचंद, सांवरमल, विनोद कुमार, हंसराज डीगवाल, मोहर सिंह, सुभाष कुमावत, मनीष गुर्जर, महेंद्र कुमावत, मनजीत जालंद्रा, राकेश शर्मा, मुकेश सोनी, राजा शर्मा, मनीष घुमरिया, सुशील घुमरिया, गोकुलचंद महरडा, अधिवक्ता सुभाष कुमावत, अधिवक्ता रामनिवास छावल, गोलू कुमावत, राकेश कुमावत सहित कई लोग धरने में मौजूद रहे।



