मथुरा
वृंदावन में विद्युत कटौती से नाराज स्थानीय लोगों ने लगाया जाम

नेशनल प्रेस टाइम्स,ब्यूरो।
मथुरा। वृंदावन में अघोषित विद्युत कटौती से परेशान लोगों का गुस्सा बुधवार को फूट पड़ा। नाराज स्थानीय नागरिकों ने मथुरा-वृंदावन मार्ग स्थित पागल विद्युत कार्यालय के सामने मुख्य सड़क पर जाम लगा दिया। इससे दोनों ओर वाहनों की लंबी कतारें लग गईं और आमजन को परेशानी का सामना करना पड़ा। प्रदर्शन कर रहे लोगों ने विद्युत निगम के खिलाफ नारेबाजी की और विभागीय अधिकारियों को मौके पर बुलाने की मांग की। लोगों का कहना था कि सरकार 22 घंटे बिजली आपूर्ति का दावा कर रही है, लेकिन क्षेत्र में घंटों बिजली गुल रहती है। खासकर रात के समय बिजली की अनियमितता से लोग परेशान हैं। स्थिति को नियंत्रित करने के लिए पुलिस मौके पर पहुंची, लेकिन प्रदर्शनकारियों ने समझाने के बावजूद जाम हटाने से इन्कार कर दिया। लोगों का आरोप है कि बिजली जाने पर अधिकारियों से संपर्क करने पर संतोषजनक जवाब नहीं मिलता, जिससे उनकी समस्याएं और बढ़ जाती हैं। प्रदर्शनकारियों का कहना था कि जब तक उन्हें स्थायी समाधान का आश्वासन नहीं मिलेगा, तब तक आंदोलन जारी रहेगा। बाद में विभागीय अधिकारियों के आपूर्ति में सुधार के आश्वासन पर आधा घंटे बाद जाम खोला गया।



