
नेशनल प्रेस टाइम्स,ब्यूरो।
सिंगरौली । जयंत मंडल के अंतर्गत वार्ड क्रमांक 19 में स्थित गायत्री मंदिर में आज गुरुवार को कार्यकर्ताओं के साथ सामूहिक योगाभ्यास किया गया। जिलाध्यक्ष सुन्दर लाल शाह ने स्वयं योगासन किया और कहा कि योग केवल शारीरिक स्वास्थ्य तक सीमित नहीं है, बल्कि यह मानसिक शांति, आत्मबोध और चेतना को जागृत करने की एक समग्र प्रक्रिया है। जिलाध्यक्ष श्री शाह ने योग के महत्व पर प्रकाश डालते हुए कहा कि योग हमारे मन को स्थिर करता है और हमें आंतरिक शांति की ओर ले जाता है। यह भारतीय संस्कृति का मूल आधार है, जिसने मानवीय मूल्यों को हमेशा सर्वोच्च स्थान दिया है।” उन्होंने बताया कि भारत की सनातन संस्कृति का प्रतीक योग आज विश्व भर में करोड़ों लोगों की जीवनशैली का हिस्सा बन चुका है। योग ने न केवल भारत की प्राचीन परंपराओं को वैश्विक मंच पर सम्मान दिलाया है, बल्कि इसे एक स्वस्थ और संतुलित जीवन का पर्याय भी बनाया है।
हम सभी को योग को अपने जीवन में अपनाना चाहिए
हम सभी को योग को अपने जीवन में अपनाना चाहिए। योग के प्रति जागरूकता बढ़ाने के लिए इस तरह के आयोजन महत्वपूर्ण हैं। भाजपा जिलाध्यक्ष ने ज़िलेवासियों से अपील की कि वे न केवल अंतरराष्ट्रीय योग दिवस पर, बल्कि हर दिन योग को अपनाएं। स्वस्थ शरीर और मन से ही एक सशक्त समाज और राष्ट्र का निर्माण संभव है।
साथ में जिला उपाध्यक्ष एवं मंडल प्रभारी राजेश तिवारी, मंडल अध्यक्ष संदीप झां, जिला उपाध्यक्ष आशा यादव, विजया सिंह सहित मंडल कार्यकर्ता एवं पदाधिकारी उपस्थित रहे।



