अमरोहा
19 लोगों पर केस दर्ज, 6 आरोपी गिरफ्तार
कार-बाइक की टक्कर के बाद दो समुदायों में हुई थी झड़प, कारखाने में लगाई थी आग

नेशनल प्रेस टाइम्स, ब्यूरो
अमरोहा : उत्तर प्रदेश के अमरोहा में नौगावां सादात थाना क्षेत्र के दौलतपुर गांव में कार और बाइक की टक्कर के बाद हिंसा भड़क गई थी। मामले में पुलिस ने 19 लोगों के खिलाफ एफआईआर दर्ज की है। इनमें से 6 आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया गया है।
दरअसल 10 जून को शादी के बाद बुधवार दोपहर बाद मायके आई शबाना को लेने उसका पति जावेद आया था। मझरा गांव में जावेद की कार की बब्लू सिंह की बाइक से टक्कर हो गई। इस मामूली टक्कर के बाद दोनों पक्षों में कहासुनी हुई
बाइक सवार युवकों ने जावेद के साथ मारपीट की और कार में तोड़फोड़ की। जावेद किसी तरह जान बचाकर अपनी ससुराल पहुंचा। इसके बाद मझरा गांव के लोगों ने शबाना के पिता इब्ने हसन के घर पर हमला कर दिया। परिवार के लोगों को दौड़ा-दौड़ाकर पीटा गया। परिजनों ने घर से भागकर अपनी जान बचाई। तनाव को देखते हुए गांव में पुलिस बल तैनात कर दिया गया है।
सीओ नौगावा सादात अवधभान भदौरिया के अनुसार, महेंद्र, अमन, काविंद्र, मीकू, जोगेंद्र, वीरेंद्र, नन्हे, खिद्दू, नौबहार, अक्षय, विक्की, महिलाल, शिवम, राजू, अजयपाल, हाजिराम, वीर सिंह, ठेकेदार राजेंद्र और एक अज्ञात व्यक्ति के खिलाफ एफआईआर दर्ज की गई है।



