बरेली
बिना किसी पूर्व सूचना के एलएलएम परीक्षा स्थगित विद्यार्थी हुए परेशान

नेशनल प्रेस टाइम्स, ब्यूरो
बरेली। रुहेलखंड विश्वविद्यालय गैर-जिम्मेदाराना कार्य प्रणाली के कारण छात्रों के भविष्य के साथ खिलवाड़ कर रहा है।
ताजा मामला गुरुवार को सामने आया, जब एलएलएम मानवाधिकार द्वितीय सेमेस्टर के ‘आपराधिक न्याय प्रणाली और मानवाधिकार’ विषय की परीक्षा बिना किसी पूर्व सूचना के अचानक स्थगित कर दी गई। विश्वविद्यालय की इस लापरवाही का खामियाजा उन विद्यार्थियों को भुगतना पड़ा, जो परीक्षा देने के लिए निर्धारित समय पर केंद्र पर पहुंच चुके थे।
दूर-दराज क्षेत्रों से आने वाले विद्यार्थी खासे परेशान हुए। सुबह परीक्षा केंद्र पर पहुंचकर जब विद्यार्थियों अपनी सीटों पर बैठ चुके थे और परीक्षा शुरू होने का इंतजार कर रहे थे, तभी लगभग 11 बजे उन्हें बताया गया कि पेपर रद्द कर दिया गया है। यह खबर सुनते ही छात्र-छात्राओं में निराशा और आक्रोश फैल गया। कई छात्रों ने बताया कि वह दूर-दराज से परीक्षा देने आए थे और विश्वविद्यालय के इस रवैये से उनका समय, पैसा और ऊर्जा तीनों बर्बाद हुए। छात्रों का आरोप है कि विश्वविद्यालय प्रशासन को विद्यार्थियों के भविष्य की कोई चिंता नहीं है और इस तरह की अव्यवस्थाएं लगातार बढ़ती जा रही हैं।


