दिगंबर जैन महाविद्यालय बड़ौत में अंतरराष्ट्रीय योग दिवस सप्ताह के पांचवें दिन हुआ योगाभ्यास

नेशनल प्रेस टाइम्स,ब्यूरो।
बड़ौत। दिगंबर जैन महाविद्यालय में 11वां अंतर्राष्ट्रीय योग दिवस 2025 के अंतर्गत चल रहे योग सप्ताह के पांचवें दिन विद्यार्थियों ने उत्साहपूर्वक योगाभ्यास किया। योग सत्र का संचालन नोडल अधिकारी प्रोफेसर दीपक चंद मौर्य, योगाचार्य हिमांशु मुछाल और डॉ. नीलू जैन द्वारा किया गया।
इस अवसर पर सूर्या फाउंडेशन एवं इंटरनेशनल नेचुरोपैथी ऑर्गेनाइजेशन के बागपत जनपद संयोजक डॉ. महेश कुमार मुछाल ने जानकारी देते हुए बताया कि इस वर्ष योग दिवस की थीम “एक पृथ्वी, एक स्वास्थ्य – योग के साथ” निर्धारित की गई है। कार्यक्रम में केंद्र सरकार द्वारा निर्धारित योग प्रोटोकॉल का अभ्यास कराया गया।
डॉ. मुछाल ने यह भी बताया कि उत्तर प्रदेश शासन के निर्देशानुसार सूर्य नमस्कार के अभ्यास को इस बार विश्व कीर्तिमान से जोड़ते हुए विशेष रूप से कराया गया। उन्होंने विश्वास जताया कि इस अभियान के माध्यम से भारत पुनः एक नया वैश्विक योग रिकॉर्ड बनाएगा।
योगाभ्यास सत्र के दौरान विद्यार्थियों को सूक्ष्म व्यायाम, कंधे, घुटनों और स्कंध चालन जैसे व्यायामों के साथ-साथ खड़े होकर किए जाने वाले आसनों, पीठ के बल और पेट के बल लेटकर किए जाने वाले आसनों एवं ध्यानात्मक क्रियाओं का भी अभ्यास कराया गया।
कार्यक्रम को सफल बनाने में आशीष शर्मा, नरेंद्र कुमार और शमीम आदि का विशेष सहयोग रहा।



