असम के बिश्वनाथ में नशा मुक्ति भारत अभियान (NMBA) के तहत सड़क नाटक का प्रदर्शन।
बिश्वनाथ जिला आयुक्त मुनिंद्र नाथ नाटे ने किया जागरूकता प्रचार गतिविधियों का शुभारंभ ।

नेशनल प्रेस टाइम्स,ब्यूरो।
असम: आगामी 26 जून को नशीली दवाओं के दुरुपयोग और अवैध तस्करी के खिलाफ अंतरराष्ट्रीय दिवस के पूर्व, असम के बिश्वनाथ जिले में नई पीढ़ी, खासकर युवाओं को जागरूक और सतर्क करने तथा ड्रग्स के दुरुपयोग से होने वाले संभावित खतरों के बारे में प्रचार करने के उद्देश्य से एक जनजागरूकता अभियान का आज औपचारिक रूप से शुभारंभ किया गया। बिश्वनाथ के जिला आयुक्त मुनिंद्र नाथ न्गाटे ने जिला आयुक्त कार्यालय परिसर में झंडा दिखाकर नशा मुक्ति भारत अभियान की जागरूकता वाहन यात्रा की शुरुआत की। संबोधित करते हुए जिला आयुक्त ने नशीली दवाओं के दुरुपयोग से होने वाले निश्चित खतरों को दूर करने के लिए सामूहिक प्रयासों की महत्वपूर्ण भूमिका पर जोर दिया। अपने संक्षिप्त भाषण में जिला आयुक्त मुनिंद्र नाथ नाटे ने कहा – “नशा मुक्ति भारत अभियान केवल सरकारी पहल नहीं है – यह एक जन आंदोलन है।” जिला समाज कल्याण कार्यालय और बिश्वनाथ जिला प्रशासन के सौजन्य से आयोजित इस विशेष अभियान में नशीली दवाओं से होने वाली भयावह स्थिति पर प्रकाश डालते हुए जनजागरूकता के लिए एक सड़क नाटक भी प्रस्तुत किया गया। आज के इस कार्यक्रम में जिला आयुक्त के अलावा बिहाली सम-जिला आयुक्त ध्रुवज्योति दास, बिश्वनाथ के अतिरिक्त जिला आयुक्त राकेश डेका और असीम बर्गोहाईं, चक्र अधिकारी, सहायक आयुक्त, जिला समाज कल्याण अधिकारी, बाल विकास परियोजना अधिकारी समेत बिश्वनाथ जिला प्रशासन और जिला समाज कल्याण विभाग के अधिकारी-कर्मचारी उपस्थित थे। जागरूकता वाहन ने सूचना, शिक्षा और संचार (IEC) के माध्यम से जागरूकता बढ़ाने के लिए साकोमठा बाल विकास परियोजना के अंतर्गत धुली, निहांग चांग, बालिचांग और पावोई गांवों का दौरा किया। इसके अलावा, ड्रग्स के दुरुपयोग पर पावोई और कुहियारबारी में दो सड़क नाटकों का प्रदर्शन किया गया और हेल्पलाइन नंबर 14446 अंकित प्रचार पत्र भी ग्रामीण क्षेत्रों में वितरित किए गए। बिश्वनाथ जिले में यह जागरूकता अभियान 26 जून तक जारी रहेगा, जिससे नशा मुक्ति भारत अभियान का मुख्य संदेश – “Say No to Drugs, Yes to Life.” और भी मजबूत होगा।



