सिंगरौली

रेडक्रॉस ब्लड सेंटर सिंगरौली में ‘ब्लड कंपोनेंट सेपरेशन यूनिट’ का शुभारंभ

अब रक्त की एक यूनिट से चार जरूरतमंदों को मिलेगा जीवनदान

नेशनल प्रेस टाइम्स,ब्यूरो।
सिंगरौली । सिंगरौली जिले के लिए आज का दिन एक ऐतिहासिक उपलब्धि के रूप में दर्ज किया गया, जब इंडियन रेडक्रॉस सोसायटी सिंगरौली द्वारा संचालित रेडक्रॉस ब्लड सेंटर में ब्लड कंपोनेंट सेपरेशन यूनिट के भवन एवं उपकरणों का पूजा पाठ करके विधिवत शुभारंभ एनटीपीसी विंध्याचल के कार्यकारी निदेशक ई. सत्यफणी कुमार द्वारा उनके कर कमलों से संपन्न हुआ।
शुभारंभ अवसर पर ई. सत्यफणी कुमार द्वारा यूनिट में स्थापित सभी नवीनतम उपकरणों का अवलोकन किया गया एवं उनकी कार्यप्रणाली की जानकारी ली गई। इस अवसर पर रेडक्रॉस सोसायटी सिंगरौली के सचिव डॉ. डी. के. मिश्रा द्वारा स्वेच्छा से रक्तदान किया गया, जो इस ऐतिहासिक क्षण का प्रतीक बन गया।
ब्लड कंपोनेंट सेपरेशन यूनिट की आवश्यकता और उपयोगिता पर प्रकाश डालते हुए, रेडक्रॉस ब्लड सेंटर के मेडिकल डायरेक्टर डॉ. आर. डी. द्विवेदी ने बताया कि अब एक यूनिट रक्त को चार अलग-अलग घटकों में विभाजित कर जरूरत के अनुसार विभिन्न मरीजों को उपलब्ध कराया जा सकेगा। यह सुविधा पूर्व में सिंगरौली जिले में उपलब्ध नहीं थी, जिससे मरीजों को विशेष ब्लड कंपोनेंट हेतु जिला से बाहर जाना पड़ता था। अब यह सुविधा जिले में ही सुलभ हो गई है।
सेपरेशन यूनिट के माध्यम से एक यूनिट रक्त को रेड ब्लड सेल्स (PRBC), प्लाज्मा, प्लेटलेट्स तथा क्रायोप्रेसिपिटेट में परत दर परत विभाजित किया जाएगा। इन सभी कंपोनेंट्स की अलग-अलग चिकित्सकीय आवश्यकता एवं जीवन अवधि होती है, जिससे एक यूनिट रक्त तीन से चार मरीजों की जरूरत पूर्ण कर सकेगा।
रेडक्रॉस सोसायटी सिंगरौली के चेयरमैन एस. डी. सिंह ने जानकारी दी कि ब्लड सेंटर की संग्रहण क्षमता 900 यूनिट्स है एवं प्रतिदिन औसतन 22 यूनिट रक्त की खपत होती है। अब ब्लड कंपोनेंट यूनिट के माध्यम से डेंगू, मलेरिया, गंभीर चोट, जलने की घटनाओं एवं सर्जरी आदि में जरूरतमंद मरीजों को विशेष ब्लड कंपोनेंट्स उपलब्ध कराना आसान हो जाएगा।
Show More

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button