राव राजा कल्याण सिंह बहादुर की 139वीं जयंती पर राजकुमार हरदयाल सिंह त्रैलाक्य राज्य लक्ष्मी देवी ट्रस्ट एवं सर्व समाज ने किया भव्य आयोजन
सामाजिक, शिक्षा, चिकित्सा, पर्यावरण सहित कई क्षेत्रों में उत्कृष्ट कार्य करने वालों को पुरस्कार स्वरूप राशि व स्मृति चिन्ह देकर किया सम्मानित

नेशनल प्रेस टाइम्स ब्यूरो
सीकर । दानवीर, प्रतापी, सीकर के लोक कल्याणकारी राव राजा कल्याण सिंह जी बहादुर की139वीं जयंती पर शुक्रवार को जैन स्कूल सभागार में भव्य कार्यक्रम आयोजित किया गया। राजकुमार हरदयाल सिंह त्रैलोक्य राज्य लक्ष्मी देवी चैरिटेबल ट्रस्ट एवं सर्व समाज के संयुक्त तत्वावधान में आयोजित कार्यक्रम में रावराजा कल्याण सिंह बहादुर के द्वारा सीकर के विकास के लिए किए गए कार्यों को याद किया गया। कार्यक्रम में सामाजिक, शिक्षा, पर्यावरण सहित कई क्षेत्रों में उत्कृष्ट कार्य करने वालों को सम्मानित किया गया।
ट्रस्ट के अध्यक्ष राव राजेंद्र सिंह की अध्यक्षता में आयोजित कार्यक्रम में मुख्य वक्ता पूर्व नेता प्रतिपक्ष राजेंद्र राठौड़ थे। अतिथि के रूप में धोद विधायक गोरधन वर्मा, जिला कलक्टर मुकुल शर्मा, कांग्रेस की प्रदेश प्रवक्ता अर्चना शर्मा, निवर्तमान सभापति जीवण खां, एएसपी गजेंंद्र सिंह जोधा थे। कार्यक्रम की शुरूआत अतिथियों ने रावराजा कल्याण सिंह जी की प्रतिमा के सामने दीप प्रज्वलित करके की। ट्रस्ट मंत्री पवन मोदी व संयोजक चितरंजन सिंह राठौड़ ने पदाधिकारियों के साथ अतिथियों का स्वागत माल्र्यापण, साफा व स्मृति चिन्ह भेंटकर किया।

मुख्य वक्ता के रूप में बोलते हुए पूर्व नेता प्रतिपक्ष राजेंद्र राठौड़ ने कहा कि सीकर के राजा रहे कल्याण सिंह बहादुर ऐसे शासक रहे जिन्होंंने अपने नाम के साथ-साथ जनता के कल्याण के कार्य किए थे। कहा कि कितने ही शासक जनप्रतिनिधि के रूप में आए और कितने ही चले गये। लेकिन याद उन्हें ही किया जाता है जिन्होंने समय के साथ जनता के कल्याण के कार्य किये हो जिससे वे इतिहास बन जाते हैं। उन्होंने कहा कि सीकर के चप्पे-चप्पे पर कल्याण सिंहजी द्वारा किए गये कार्यों की स्मृतियां आज भी ताजा है।
उन्होंने कहा कि आजादी के बाद राज्य के गठन में जिले बनाने में सीकर को जिला बनाने के लिए भी कल्याण सिंह ने भरपूर सहयोग किया। जिले के लिए कार्यालय, जगह सभी के लिए अपने खजाने खोल दिए थे। उन्होंने भारत-पाक के युद्ध के समय भी क्विंटलों चांदी सहयोग के लिए सरकार को भेंट कर दी थी।
कार्यक्रम के संयोजक चितरंजन सिंह राठौड़ ने अतिथियों व सर्व समाज के लोगों का आभार व्यक्त किया। कार्यक्रम का संचालन राजवीर सिंह शेखावत व कार्यक्रम समन्वयक डॉ. बलवंत सिंह चिराणा ने किया।
इनको मिला पुरस्कार :
कार्यक्रम में सामाजिक एवं अन्य क्षेत्रों में उत्कृष्ट कार्य करने वालों को सम्मानित किया गया। प्रथम पुरस्कार एक लाख रुपए का महाराज शेखाजी अलंकरण चिकित्सा क्षेत्र सहित सामाजिक क्षेत्र में कार्य करने पर डॉ. वीके जैन को प्रदान किया गया। द्वितीय पुरस्कार राव राजा कल्याण सिंह रत्न 51 हजार को गौसेवा मुकेश आनंद व तृतीय पुरस्कार राजकुमार हरदयाल सिंह रत्न 51 हजार रुपए का दीप सिंह शेखावत को प्रदान किया गया।
इनका हुआ सम्मान :
विभिन्न क्षेत्रों में सेवा के कार्य करने पर पन्नालाल सारड़ा, गोपाल सोमानी, फूलचंद जांगिड़, भुपेंद्र सिंह राठौड़, डॉ. सुदीप गोयल, दुर्गा रणवां व रामकुमार जाखड़ को सम्मानित किया गया। सीबीएसई परीक्षा में इंडिया टॉपर रही खुशी शेखावत एवं नीट की परीक्षा में ऑल इंडिया टॉपर रहे महेश को भी पुरस्कृत किया गया। पत्रकारिता के क्षेत्र में दैनिक भास्कर के संपादक बिजेंद्र सिंह शेखावत, राजस्थान पत्रिका के चीफ रिपोर्टर अजय शर्मा को सम्मानित किया गया।
नवसंवत्सर चैत्र प्रतिपदा पर शहर में आकर्षक सजावट करने वाले निर्णायक मंडल में एडवोकेट पुरुषोत्तम बिलखीवा, सुरेंद्र सिंह शेखावत, मधु सिहोटिया, बीएल सोनी व सुधीर गर्ग ने प्रथम, द्वितीय व तृतीय स्थान पर रहने पर गायत्री टेंट, श्री बालाजी टेंट हाऊस, श्री बालाजी टेंट डाइंग वक्र्स, जनता टेंट हाऊस, सनशाइन टेंट हाऊस के संचालकों को सम्मानित किया।
रामनवमीं की शोभायात्रा पर निकली झांकियों में निर्णायक मंडल में गोपालकृष्ण सिंह शेखावत, डॉ. अनुपमा श्रीवास्तव, एडवोकेट दिनेश सैनी, डॉ. नेकीराम आर्य ने प्रथम, द्वितीय व तृतीय स्थान पर रहने पर भारतीय जनता पार्टी, शिव हनुमान मंदिर, आवासन मंडल देवीपुरा व पुरोहितजी ढाणी, राधाकिशनपुरा की झांकियों के संचालकों को सम्मानित किया गया।



